scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमखेलभारत को नौकायन में कांस्य पदक

भारत को नौकायन में कांस्य पदक

Text Size:

हांगझोउ, 25 सितंबर (भाषा) भारत के जसविंदर सिंह, भीम सिंह, पुनीत कुमार और आशीष गोलियान ने सोमवार को यहां एशियाई खेलों की नौकायन की पुरुष फोर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

भारतीय चौकड़ी 2000 मीटर के अंतिम 500 मीटर से पहले चौथे स्थान पर चल रही थी लेकिन शानदार वापसी करते हुए छह मिनट 10.81 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रही। चीन (6:10.04) ने बेहद मामूली अंतर से भारतीय टीम को पछाड़कर रजत पदक जीता।

स्वर्ण पदक उज्बेकिस्तान की टीम के नाम रहा जिसने छह मिनट 4.96 सेकेंड का समय लिया।

भारत के बलराज पंवार हालांकि पुरुष एकल स्कल्स में चौथे स्थान पर रहते हुए एशियाई खेलों में अपना पहला पदक जीतने से चूक गए।

करनाल के 24 साल के बलराज 1500 मीटर तक शीर्ष तीन में शामिल थे लेकिन अंतिम 500 मीटर में चौथे स्थान पर पिछड़ गए। उन्होंने सात मिनट 8.79 सेकेंड का समय लिया।

हांगकांग के हिन चुन च्यु (7:00.55) ने बलराज को पछाड़कर कांस्य पदक जीता।

चीन के लियांग झेंग (6:57.06) ने स्वर्ण जबकि जापान के रयुता अराकावा (6:59.79) ने रजत पदक अपने नाम किया।

भारत नौकायन में अब तक दो रजत और चार कांस्य पदक जीत चुका है।

भारत ने रविवार को दो रजत और एक कांस्य पदक जीता था।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments