हांगझोउ, 24 सितंबर (भाषा) भारत के शीर्ष टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल ने रविवार को यहां मकाऊ के हो टिन मार्को लेउंग के खिलाफ बिना कोई गेम गंवाए एशियाई खेलों के पुरुष एकल में एकतरफा जीत के साथ प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
पांचवें वरीय नागल को पहले दौर में बाई मिला था और दूसरे दौर का उनका यह मैच पहले ही काफी आसान माना जा रहा था क्योंकि प्रतिद्वंद्वी के पास एटीपी की रैंकिंग भी नहीं है।
एटीपी रैंकिंग में 159 वें स्थान पर काबिज नागल ने महज 45 मिनट में 6-0, 6-0 की प्रभावशाली जीत दर्ज की।
अगले दौर में उनके सामने कजाखस्तान के बेइबित जुकायेव की चुनौती होगी, उन्होंने ताजिकिस्तान के फिरोज मुखिदिनोव को मात दी।
दूसरी वरीयता प्राप्त साकेत माइनेनी और रामकुमार रामनाथन की जोड़ी ने पुरुष युगल में अपने अभियान की शुरुआत आसान जीत से की। भारतीय जोड़ी ने अभिषेक बस्तोला और प्रदीप खड़का की नेपाल की जोड़ी के खिलाफ 57 मिनट तक चले मैच को 6-2, 6-3 से अपने नाम किया।
भाषा आनन्द मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
