कोलंबो, 11 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ मांसपेशियों में खिंचाव के कारण भारत के खिलाफ एशिया कप सुपर फोर मैच में सोमवार को मैदान पर नहीं उतरे।
रऊफ ने रविवार को पांच ओवर में 27 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था, लेकिन लगातार बारिश के कारण मैच रिजर्व दिन खिंच गया। भारत ने रविवार को 24.1 ओवर में दो विकेट पर 147 रन बनाये थे।
बारिश और मैदान के गीले होने कारण सोमवार को रिजर्व दिन भी मैच एक घंटे की देरी से शुरू हुआ लेकिन ओवर में कोई कटौती नहीं की गयी।
रऊफ को रविवार को ही पेट की दाहिने ओर थोड़ी परेशानी का अनुभव हुआ।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने यहां जारी बयान में कहा, ‘‘ तेज गेंदबाज हारिस रऊफ भारत के खिलाफ एशिया कप सुपर फोर मैच में एहतियात के तौर पर गेंदबाजी नहीं करेंगे।’’
बोर्ड ने कहा, ‘‘उन्हें रविवार को पेट की दाहिने ओर थोड़ी असुविधा हो रही थी। एहतियात के तौर पर उनका एमआरआई कराया गया जिसमें मांसपेशियों में ज्यादा परेशानी नहीं दिख रही। वह टीम की चिकित्सा समिति की निगरानी में रहेंगे।’’
विराट कोहली (94 गेंद में नाबाद 122) और लोकेश राहुल (नाबाद 111) की शतकीय पारियों के दम पर भारत ने दो विकेट पर 356 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
भाषा आनन्द पंत
पंत
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
