लंदन, छह सितंबर (भाषा) भारत की अध्यक्षता में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति जो बाइडन की नई दिल्ली यात्रा से भारत-अमेरिका संबंधों को और बढ़ावा मिलेगा। अमेरिका की एक अधिकारी ने बुधवार को यहां यह बात कही।
उन्होंने कहा कि उभरती अर्थव्यवस्थाओं की आवाज बनने के मामले में जी20 में भारत का रुख सफल रहा है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय में प्रवक्ता मार्गरेट मैकलियोड ने इस सप्ताह नई दिल्ली की अपनी यात्रा से पहले लंदन में अमेरिकी दूतावास में दिए साक्षात्कार में ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि अमेरिका को उम्मीद है कि जी20 शिखर सम्मेलन के समापन पर पर्याप्त आम सहमति बन सकती है।
उन्होंने कहा, “हमारा मानना है कि जी20 वास्तव में एक अच्छा मंच है जहां दुनिया के प्रमुख देश बातचीत के लिए एक साथ जुट सकते हैं”
मैकलियोड ने कहा, “सदस्य देश वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का 85 प्रतिशत प्रतिनिधित्व करते हैं जो शिखर सम्मेलन को दुनिया के सामने आने वाली आर्थिक और अन्य प्रमुख चुनौतियों पर चर्चा करने के लिए एक आदर्श मंच बनाता है…उभरती अर्थव्यवस्थाओं की आवाज बनने के मामले में जी20 में भारत का रुख सफल रहा है। जी20 बैठकों के दौरान कुछ देशों द्वारा सर्वसम्मति को अवरुद्ध करने के बावजूद, भारत ने अध्यक्ष के तौर पर बयान जारी किए, जिनमें व्यापक बहुमत के विचारों को शामिल किया गया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहमति प्राप्त पहलुओं का इस्तेमाल किया गया।”
भाषा जोहेब माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.