scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशबदमाशों ने पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया मुठभेड़ में जख्मी हुए

बदमाशों ने पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया मुठभेड़ में जख्मी हुए

Text Size:

जयपुर, छह सितंबर (भाषा) राजस्थान के भरतपुर जिले में ‘हिस्ट्रीशीटर’ अजय झामरी हत्याकांड में शामिल तीन बदमाशों ने पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया लेकिन मुठभेड़ में ये तीनों घायल हो गए।

भरतपुर के पुलिस महानिरीक्षक रुपिंदर सिंह ने बताया कि 27 अगस्त को सर्कुलर रोड पर बदमाश तेजवीर व उसके साथियों ने ‘हिस्ट्रीशीटर’ अजय झामरी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

उन्होंने बताया कि घटनाक्रम के संबंध में थाना अटल बंद में मुकदमा दर्ज किया गया था।

सिंह ने बताया, “ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दलों द्वारा सभी संभावित स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। इसी दौरान बदमाशों के देहरादून में छिपे होने की सूचना पर पुलिस देहरादून पहुंची । पुलिस दल ने संदिग्ध स्थान की घेराबंदी कर बदमाश तेजवीर, युवराज, बन्टी को पकड़ लिया ।” उन्होंने बताया कि इन तीनों बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।

उन्होंने बताया, “पुलिस बदमाशों को लेकर देहरादून से भरतपुर के लिए रवाना हुई। भरतपुर सीमा में प्रवेश के बाद हनुमान तिराहे पर जब अनुसंधान अधिकारी और अटलबंद थानाधिकारी मनीष शर्मा आरोपियों को हिरासत में लेने पहुंचे तो बदमाश तेजवीर ने पुलिस दल के कांस्टेबल जगदीश की पिस्तौल छीनकर पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी कर दी।”

सिंह ने बताया, “पुलिस कर्मियों ने सरकारी गाड़ियों व पेड़ों की आड़ ली। फिर भी तेजवीर द्वारा चलाई गई गोलियां पुलिस दल के प्रभारी मुकेश कुमार तथा थानाधिकारी मनीष शर्मा की बुलेट प्रूफ जैकेट में जाकर लगी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी गोलीबारी में तीनों बदमाश घायल हो गये। तीनों को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।”

पुलिस ने बताया कि एक बदमाश बंटी खुशाल की हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा कुंज पृथ्वी नोमान

नोमान

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments