scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशइसरो टीम ने यादवपुर विश्वविद्यालय की सुरक्षा का जायजा लिया

इसरो टीम ने यादवपुर विश्वविद्यालय की सुरक्षा का जायजा लिया

Text Size:

कोलकाता, छह सितंबर (भाषा) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की एक टीम ने बुधवार को कोलकाता के यादवपुर विश्वविद्यालय का दौरा किया और परिसर में सुरक्षा उपायों का जायजा लिया।

राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने कथित तौर पर रैगिंग के कारण स्नातक प्रथम वर्ष के एक छात्र की मौत के बाद सुरक्षा उपायों का सुझाव देने के लिए इसरो को पत्र लिखा था।

बोस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति भी हैं।

विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति बुद्धदेव साउ ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि टीम के दोनों सदस्यों ने परिसर और इमारतों के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया और विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर चर्चा की।

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने रिमोट सेंसिंग तकनीक के इस्तेमाल के साथ सुरक्षा बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश को रोकने और लोगों की आवाजाही पर नजर रखने के तरीकों पर भी चर्चा की ताकि नशीले पदार्थों का सेवन न किया जा सके। वे हमारी सुरक्षा टीम को जानकारी देंगे।’’

उन्होंने कहा कि इसरो टीम ने छात्रावासों में निगरानी के माध्यम से रैगिंग को रोकने के तरीकों पर भी चर्चा की।

उचित तकनीकी समाधान की पहचान करके रैगिंग के मामलों को रोकने में विश्वविद्यालय की मदद करने के लिए राज्यपाल ने 24 अगस्त को इसरो को पत्र लिखा था।

पिछले महीने छात्रावास से गिरकर एक छात्र की मौत पर देशभर में आक्रोश व्याप्त हो गया था। मामले के सिलसिले में वर्तमान और पूर्व छात्रों सहित 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

भाषा देवेंद्र प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments