scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशहर किसी को भारत नाम के इस्तेमाल का समर्थन करना चाहिए: बीजद

हर किसी को भारत नाम के इस्तेमाल का समर्थन करना चाहिए: बीजद

Text Size:

भुवनेश्वर, छह सितंबर (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ विधायक अमर प्रसाद सत्पथी ने बुधवार को कहा देश का नाम ‘इंडिया’ के बजाय सिर्फ भारत रहने देने के प्रस्ताव पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और हर किसी को इसका समर्थन करना चाहिए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से भेजे गए जी20 रात्रिभोज के निमंत्रण में उनका पद ‘प्रेजिडेंट ऑफ भारत’ लिखे जाने पर उपजे विवाद के बीच सत्पथी ने यह बयान दिया है। विपक्षी दलों ने मंगलवार को आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार देश के नाम से ‘इंडिया’ हटाकर सिर्फ भारत को बनाये रखने की योजना बना रही है।

सत्पथी ने कहा, “समय के साथ कई चीजें बदल जाती हैं। पिछले कुछ वर्षों में कई जगहों के नाम बदले गए हैं। उड़ीसा का नाम बदलकर ओडिशा कर दिया गया। बेंगलोर और मद्रास के नाम भी बदले गए।”

उन्होंने कहा, ”यहां तक कि कांग्रेस के एक सदस्य ने भी इंडिया नाम बदलकर भारत करने के लिए एक गैर सरकारी विधेयक पेश किया था, क्योंकि इस पर लंबे समय से चर्चा चल रही है।”

वरिष्ठ नेता ने कहा कि इस मुद्दे पर आम सहमति होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “देश के नाम पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। हर चीज को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए, कुछ मुद्दे गैर-राजनीतिक होते हैं। इस पर राष्ट्रीय नजरिए से विचार किया जाना चाहिए।”

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments