scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमखेलनीरज चोपड़ा को पूरे देश ने दी बधाई

नीरज चोपड़ा को पूरे देश ने दी बधाई

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 अगस्त ( भाषा )बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाले तोक्यो ओलंपिक चैम्पियन भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को खेलमंत्री अनुराग ठाकुर से लेकर समूचे खेल जगत , राजनेताओं और नामचीन हस्तियों ने सोशल मीडिया पर बधाई दी है ।

मौजूदा ओलंपिक चैम्पियन चोपड़ा ने बुडापेस्ट में चल रही विश्व चैम्पियनशिप में कल देर रात पुरूषों की भालाफेंक स्पर्धा में 88 . 17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता । वह ओलंपिक और विश्व चैम्पियनशिप स्वर्ण एक समय पर जीतने वाले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए ।

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर : नीरज चोपड़ा ने फिर कर दिखाया । भारतीय एथलेटिक्स के गोल्डन ब्वॉय ने बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पुरूषों की भालाफेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता । इसके साथ ही वह विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय बन गए ।’’

उन्होंने आगे लिखा ,‘‘ पूरे देश को आपकी उपलब्धियों पर गर्व है । यह पल भारतीय खेलों के इतिहास में हमेशा याद रखा जायेगा ।’’

अभिनव बिंद्रा : बुडापेस्ट में विश्व चैम्पियनशिप में नीरज चोपड़ा को जीत दर्ज करने देखकर अपार गर्व का अनुभव हुआ । तुम्हारी प्रतिबद्धता और परिश्रम सभी के लिये मिसाल है । बधाई हो विश्व चैम्पियन । आपके जैसे सितारों के रहते भारत और चमक रहा है ।’’

महान एथलीट और भारतीय ओलंपिक संघ अध्यक्ष पी टी उषा : विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई । आप इस गोल्डन टच के साथ देश के लिये आगे भी उपलब्धियां हासिल करते रहे । हमेशा आशीष ।’’

विश्व एथलेटिक्स : ओलंपिक चैम्पियन भालाफेंक में विश्व चैम्पियन बना । नीरज चोपड़ा ने 88 . 17 मीटर के थ्रो के साथ पिछले साल के रजत को बुडापेस्ट में चमचमाते स्वर्ण में बदला ।

पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग : फेंको तो ऐसे फेंको कि चार लोग बोले क्या फेंका है यार । 88 . 17 मीटर दूर भाला फेंका और हमारे चैम्पियन नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीता । जीत का सिलसिला जारी है ।’’

भारतीय सेना : भारतीय सेना सूबेदार नीरज चोपड़ा को विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप बुडापेस्ट में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देती है ।

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक : भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को बुडापेस्ट विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने की बधाई । आप अपने खेल कैरियर में ऐसी ही बुलंदियों को छूकर देश को गौरवान्वित करते रहें । भविष्य के लिये शुभकामनायें ।’’

भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) : विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में नीरज चोपड़ा ने ऊंचे मानक कायम किये ।उन्होंने 88 . 17 मीटर के थ्रो के साथ इतिहास का रूख बदलते हुए स्वर्ण पदक जीता । इसके साथ ही वह विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय बन गए । एक समय पर विश्व चैम्पियनशिप, डायमंड लीग और ओलंपिक स्वर्ण जीतने वाले पहले खिलाड़ी । सलाम नीरज चोपड़ा । ’’

भाषा मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments