जॉर्ज (दक्षिण अफ्रीका), 27 अगस्त (भाषा) भारत की पांच सदस्यीय टेंट पेगिंग टीम ने दक्षिण अफ्रीका में आयोजित विश्व कप में तीसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया।
टेंट पेगिंग घुड़सवारी के मान्यता प्राप्त 10 खेलों में से एक है। इसमें घुड़सवार का उद्देश्य भाले या तलवार की मदद से मैदान पर रखे सामान (रिंग, नींबू या लकड़ी के चौकोर टुकड़े) को भेद कर लक्ष्य की ओर ले जाना होता है।
टेंट पेगिंग का यह चौथा विश्व कप है और टूर्नामेंट में इतिहास में यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारतीय टेंट पेगिंग टीम इससे पहले के दो सत्र में छठे और सातवें स्थान पर रही थी।
यहां जारी विज्ञप्ति के मुताबिक तीन दिनों तक चले इस प्रतियोगिता के लिए नौ देशों ने क्वालीफाई किया था।
भारतीय टीम कोच कर्नल एसएस सोलंकी के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता के पहले दिन चौथे स्थान पर थी। टीम दूसरे दिन इसमें सुधार कर तीसरे स्थान पर पहुंची और तीसरे दिन अपने इस स्थान का बचाव करने में सफल रही।
भारतीय टीम के लिए दिनेश गंगाराम कार्लेकर ने चार, मोहित कुमार छह, अमित छेत्री 12, मोहम्मद अबरार ने 31 और गौतम कुमार आत्मा ने 38 अंक बनाये।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
