नयी दिल्ली, 24 अगस्त ( भाषा ) राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश भर ने फिडे शतरंज विश्व कप उपविजेता आर प्रज्ञानानंदा को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिये बधाई दी है ।
राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया पर लिखा ,‘‘ 18 वर्ष के ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने फिडे विश्व कप फाइनल में पहुंचकर और उपविजेता रहकर हर भारतीय का दिल जीत लिया है । उन्होंने शतरंज के दिग्गजों का सामना करते हुए उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।’’
उन्होंने लिखा ,‘‘मैं इस प्रदर्शन के लिये उन्हें बधाई देती हूं । उन्होंने पूरे देश को गौरवान्वित किया है ।’’
उन्होंने आगे लिखा ,‘‘ उनकी मां नागलक्ष्मी, वेलाम्मल स्कूल , उनके सभी मेंटोर और कोचों का विशेष तौर पर जिक्र करना होगा जिन्होंने चुनौतियों और कठिनाइयों के बीच उनके इस असाधारण सफर में योगदान दिया । मैं प्रज्ञानानंदा को भविष्य में और भी ऊंचाइयों को छूने के लिये शुभकामना देती हूं ।’’
प्रज्ञानानंदा बाकू में हुए फाइनल में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन से बृहस्पतिवार को टाइब्रेक में 1.5 – 0.5 से हार गए ।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा ,‘‘ हमें फिडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रज्ञानानंदा पर गर्व है । उन्होंने असाधारण कौशल का प्रदर्शन करके मैग्नस कार्लसन जैसे दिग्गज को फाइनल में कड़ी टक्कर दी ।’’
उन्होंने आगे लिखा ,‘‘ यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है । उन्हें आगामी टूर्नामेंटों के लिये शुभकामनायें ।’’
पूर्व खेलमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौ़ड़ ने लिखा ,‘‘ आप जीतते हैं या सीखते हैं । आपने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 140 करोड़ भारतीयों के दिल जीते । यही मायने रखता है ।’’
चैम्पियन क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने लिखा ,‘‘ असाधारण टूर्नामेंट के लिये बधाई । अपने सपने पूरे करने और भारत को गौरवान्वित करने में लगे रहो ।’’
अभिनेता रितिक रोशन ने लिखा ,‘‘ फतेह अंतिम नतीजे तक ही सीमित नहीं है । आप सही मायने में चैम्पियन हो । बधाई आर प्रज्ञानानंदा ।’’
भाषा मोना नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
