नयी दिल्ली, 18 अगस्त ( भाषा ) खेल मंत्रालय की मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) ने भारतीय तलवारबाज भवानी देवी के फ्रांस के ओरलियंस में अभ्यास जारी रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी ।
भवानी फ्रेंच कोच क्रिस्टियन बाउर के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं । उन्होंने एशियाई चैम्पियनशिप में महिलाओं के साबरे वर्ग में कांस्य पदक जीता था और यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय बनी ।
मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ फ्रांस में उनके अंतरराष्ट्रीय अभ्यास शिविर को आठ महीने के लिये मंजूरी दे दी गई है । इसमें उनके अभ्यास शिविर का खर्च, हवाई किराया, रहने और खाने का खर्च, स्थानीय यातायात का खर्च, फिजियोथेरेपी मालिश के सत्र, अभ्यास का शुल्क, लाइसेंस शुल्क और बीमा की लागत कवर होगी ।’’
एमओसी ने जॉर्जिया, तुर्की और अल्जीरिया में भवानी देवी के अल्पकालिन शिविरों को भी मंजूरी दे दी । वह अल्जीरिया में साबरे विश्व कप, फ्रांस में ग्रां प्री, ट्यूनीशिया में ग्रां प्री, लीमा , एथेंस और बेल्जियम में साबरे विश्व कप में भाग लेंगी ।
एमओसी ने पिस्टल निशानेबाज अनीश का जर्मनी में विदेशी कोच राफ शूमैन के मार्गदर्शन में 15 दिन के शिविर में भाग लेने को स्वीकृति भी दे दी । इसके अलावा टेबल टेनिस खिलाड़ी अर्चना कामथ के ब्राजील , कजाखस्तान और ओमान में डब्ल्यूटीटी कंटेंडर टूर्नामेंट में भी भागीदारी को मंजूरी दे दी ।
भाषा मोना आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
