scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमखेलयाराजी ने 100 मीटर बाधा दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार के साथ कांस्य जीता

याराजी ने 100 मीटर बाधा दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार के साथ कांस्य जीता

Text Size:

चेंगदू, चार अगस्त (भाषा) स्टार एथलीट ज्योति याराजी ने शुक्रवार को यहां विश्व विश्वविद्यालय खेलों के 100 मीटर बाधा दौड़ में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर कांस्य पदक हासिल किया।

तेईस साल की याराजी ने महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में 12.78 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। इस प्रदर्शन से उन्होंने अक्टूबर 2022 में दर्ज किए गए 12.82 सेकंड के अपने पहले के राष्ट्रीय रिकॉर्ड से बेहतर किया।

स्लोवाकिया की विक्टोरिया फोर्स्टर ने 12.72 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि चीन की यान्नी वू ने 12.76 सेकंड के साथ रजत पदक जीता।

एक अन्य राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक धावक अमलान बोरगोहेन ने भी पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में 20.55 सेकंड के सत्र के सर्वश्रेष्ठ समय के साथ कांस्य पदक जीता। पच्चीस साल का यह खिलाड़ी मामूली अंतर से 20.52 सेकंड के अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड से चूक गया।

दक्षिण अफ्रीका के त्सेबो इसादोर मात्सोसो ने 20.36 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि जापान के युदाई निशी 20.46 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

शुक्रवार को इन दो पदकों के बाद भारत अब 11 स्वर्ण, पांच रजत और नौ कांस्य पदक के साथ तालिका में चौथे स्थान पर है। पदक तालिका में चीन शीर्ष पर है, उसके बाद कोरिया और जापान हैं।

भाषा आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments