लंदन, 29 जुलाई (ए़पी) इंग्लैंड ने शनिवार को यहां पांचवें और अंतिम एशेज टेस्ट के तीसरे दिन चाय तक आस्ट्रेलिया पर कुल बढ़त 253 रन की कर ली।
मेजबान टीम को श्रृंखला में बराबरी के लिए इस मैच में जीतना जरूरी है। इंग्लैंड ने दूसरे सत्र में 49 ओवर के बाद चार विकेट पर 265 रन बना लिये। जो रूट 61 और जॉनी बेयरस्टो 34 रन बनाकर खेल रहे हैं, दोनों के बीच अभी तक 43 रन की साझेदारी बन चुकी है।
आस्ट्रेलिया ने दूसरे सत्र में तीन विकेट हासिल किये जिसमें इंग्लैंड ने 24 ओवर में 135 रन बनाये जिसका लंच तक स्कोर एक विकेट पर 130 रन था। सुबह के सत्र में बेन डकेट 42 रन बनाकर आउट हुए।
जाक क्राले लंच के बाद सत्र में अपनी पारी में केवल दो रन ही जोड़ सके और 73 रन बनाकर आउट हुए। पैट कमिंस (64 रन देकर एक विकेट) की गेंद को ड्राइव करने के प्रयास में वह बल्ला छुआकर स्लिप में खड़े स्टीव स्मिथ को कैच दे बैठे। इससे क्राले की शानदार एशेज श्रृंखला का अंत हुआ जिन्होंने नौ पारियों में कुल 480 रन बनाये।
रूट लगातार तीन चौके जड़कर अर्धशतक के करीब पहुंचे और टॉड मर्फी की गेंद पर एक रन लेकर पचासा पूरा किया। पर इस आस्ट्रेलियाई स्पिनर ने बेन स्टोक्स (42 रन) का विकेट झटक लिया। इंग्लैंड के कप्तान ने मोईन अली के चोटिल होने के कारण तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की लेकिन वह अर्धशतक से पहले ही आउट हो गये।
स्टोक्स ने मर्फी की गेंद को मिड-ऑन पर हिट करने का प्रयास किया लेकिन कमिंस को कैच देकर पवेलियन पहुंच गये। इससे इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 213 रन हो गया।
हैरी ब्रुक के सात रन पर आउट होने के बावजूद इंग्लैंड ने चाय तक 250 रन का आंकड़ा पार कर लिया था। वह जोश हेजलवुड की गेंद पर विकेटकीपर एलेक्स हैरी को कैच दे बैठे।
बेन डकेट ने 42 रन की अपनी पारी के दौरान सात चौके जड़े, वह मिशेल स्टार्क की गेंद पर विकेटकीपर को कैच देकर आउट हुए। इससे इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर 79 रन हो गया।
आस्ट्रेलियाई टीम दूसरे दिन अंतिम गेंद पर पहली पारी में 295 रन पर सिमट गयी थी। इंग्लैंड ने पहली पारी में 283 रन बनाये थे।
एपी नमिता आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
