नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) भारतीय ड्रेसेज खिलाड़ी गौरव पुंडीर ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय घुड़सवारी महासंघ (ईएफआई) ने यह सुनिश्चित करने के लिए उनके रास्ते में कई बाधाएं पैदा की जिससे कि वह हांगजोउ एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके।
सेना के पूर्व घुड़सवार गुलाब सिंह के बेटे पुंडीर ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ईएफआई ने उनसे महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई थी कि भारतीय घोड़े पृथक वास नियमों के कारण चीन में प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकते हैं। इससे उन्होंने यूरोप और अन्य जगहों पर उचित घोड़ों की तलाश में अपना समय बर्बाद किया।
उन्होंने कहा,‘‘ईएफआई अधिकारियों को पिछले साल मार्च में पता चल गया था कि भारतीय घोड़े चीन में प्रतियोगिताओं में भाग नहीं ले सकते हैं लेकिन उन्होंने यह जानकारी मेरे साथ साझा नहीं की।’’
पुंडीर ने कहा,‘‘ यह सुनिश्चित करने के लिए कि मैं विदेशों में प्रतियोगिताओं में भाग न ले सकूं, ईएफआई के अधिकारी यूरोप का वीजा हासिल करने में मेरी मदद नहीं करके चीजों को मुश्किल बनाते रहे।’’
ईएफआई के महासचिव जयवीर सिंह ने हालांकि कहा कि पुंडीर की महासंघ ने हर संभव मदद की और इस घुड़सवार को पता था कि कोविड-19 से जुड़े नियमों के कारण भारतीय घोड़े चीन में प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले सकते हैं।
उन्होंने कहा,‘‘ उन्हें ईएफआई के खिलाफ मुकदमे बाजी में समय बर्बाद करने के बजाए जर्मनी और फ्रांस में अभ्यास करना चाहिए था जहां उनके साथी खिलाड़ी अभ्यास कर रहे थे।’’
पुंडीर ने हालांकि एशियाई खेलों में भाग लेने की उम्मीद नहीं छोड़ी है और उन्होंने कहा कि वह स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में प्रवेश पाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। स्थानापन्न खिलाड़ियों की सूची भेजने के लिए अंतिम तिथि 16 सितंबर है।
भाषा पंत सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
