scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशआंध्र प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने चंद्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण पर इसरो को बधाई दी

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने चंद्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण पर इसरो को बधाई दी

Text Size:

अमरावती, 14 जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री वाई.एस. जगनमोहन रेड्डी ने शुक्रवार को चंद्रमा पर चंद्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण के लिये भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को बधाई दी।

इसरो ने आज श्रीहरिकोटा से एलवीएम3-एम4 रॉकेट के जरिए अपने तीसरे चंद्र मिशन-‘चंद्रयान-3’ का सफल प्रक्षेपण किया।

बृहस्पतिवार को शुरू हुई 25.30 घंटे की उलटी गिनती के अंत में एलवीएम3-एम4 रॉकेट श्रीहरिकोटा स्थित अंतरिक्ष प्रक्षेपण केंद्र के दूसरे ‘लॉन्च पैड’ से अपराह्न 2.35 बजे निर्धारित समय पर धुएं का घना गुबार छोड़ते हुए शानदार ढंग से आकाश की ओर रवाना हुआ।

एलवीएम3-एम4 रॉकेट अपनी श्रेणी का सबसे बड़ा और भारी रॉकेट है, इसी वजह से इसे ‘फैट ब्वॉय’ कहा जाता है।

राज्यपाल ने मिशन की सफलता की कामना की और उन्होंने उम्मीद जताई कि लैंडर विक्रम की चंद्रमा पर सुरक्षित लैंडिंग होगी।

राजभवन की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, राज्यपाल को उम्मीद है कि रोवर, प्रज्ञान, वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए चंद्रमा की सतह पर घूमेगा।

मुख्यमंत्री ने भी चंद्र मिशन के सुगम एवं सफल लैंडिंग की कामना की।

रेड्डी ने कहा कि यह प्रक्षेपण देश की अंतरिक्ष शक्ति को ‘गौरव’ की कक्षा में ले जाएगा और वैश्विक मानचित्र पर भारत को गौरवान्वित करेगा।

भाषा साजन प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments