चेन्नई, सात जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शुक्रवार को कहा कि सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) जातिविहीन समाज बनाने और लोगों के लिए कल्याणकारी कदम उठाने के प्रयास के तहत पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि की राह पर चल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार सभी जातियों के लोगों को मंदिरों में पुजारी के रूप में नियुक्त करने के करुणानिधि के प्रयासों को आगे बढ़ा रही है। मद्रास उच्च न्यायालय ने भी हाल ही में फैसला सुनाया है कि यदि कोई धार्मिक ग्रंथों और अनुष्ठानों में पारंगत हैं तो उसे पुजारी के रूप में चुना जा सकता है तथा इसे तय करने में जाति की कोई भूमिका नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने श्री कपालेश्वर मंदिर विवाह भवन में ‘राज्य हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग’ द्वारा आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में 34 जोड़ों के विवाह समारोह में शामिल होने के बाद यह बात कही।
विवाह संपन्न होने के बाद स्टालिन ने कहा, ‘द्रमुक सरकार ने सामाजिक बहिष्कार को रोकने के लिए सभी जातियों के लोगों को पुजारी के रूप में नियुक्त किया है। यहां तक कि मद्रास उच्च न्यायालय ने भी सभी जातियों के लोगों को मंदिर के पुजारी के रूप में नियुक्त करने के पक्ष में फैसला सुनाया है, बशर्ते वे अच्छी तरह से प्रशिक्षित हों।’
उन्होंने कहा, आज राजस्थान में आठ महिलाओं सहित अनुसूचित जाति और जनजाति समुदाय के 17 लोगों को पुजारी बनाया गया है।
स्टालिन ने तमिल फिल्म पराशक्ति के ‘डायलॉग’ ” मंदिर को अपराधियों का अड्डा नहीं बनने देना चाहिए” का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार मंदिरों के कोष का गरीबों के विवाह, मंदिरों में श्रद्धालुओं को मुफ्त भोजन, मंदिरों के नवीकरण आदि सामाजिक उद्देश्यों के लिए उपयोग कर रही है। इस फिल्म की पटकथा पूर्व मुख्यमंत्री करुणानिधि ने लिखी थी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘तमिलनाडु में हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के नियंत्रण में लगभग 43,000 मंदिर हैं। 3,986 मंदिरों के नवीकरण के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा 112 प्राचीन मंदिरों की संरचना में बदलाव किए बिना उनके नवीकरण के लिए 100 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। प्राचीन मंदिरों में भित्ति चित्र के संरक्षण के भी प्रयास किए जा रहे हैं।’
इस समारोह में राज्य मंत्री: पी के शेखर बाबू (एचआर और सीई), के पोनमुडी (उच्च शिक्षा), मा. सुब्रमण्यम (स्वास्थ्य) और के एस मस्तान (अल्पसंख्यक कल्याण), चेन्नई की महापौर आर प्रिया, द्रमुक सांसद कनिमोझी, पर्यटन और एचआर और सीई प्रमुख सचिव के मणिवासन , विशेष कर्तव्य पर एचआर और सीई अधिकारी जे कुमारगुरुबरन और अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
भाषा साजन पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
