(तस्वीर के साथ)
मुंबई, छह जुलाई (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख नाना पटोले ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘‘ईडी और सीबीआई जैसी सरकारी एजेंसियों के डर’’ के जरिये विपक्षी दलों को खत्म करके लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया।
प्रदेश कांग्रेस की कोर कमेटी की बैठक के बाद यहां पत्रकारों से बात करते हुए पटोले ने यह भी कहा कि भाजपा इस गंदी राजनीति में लगी है और विपक्षी दलों को विभाजित कर रही है क्योंकि उसे आने वाले चुनावों में हार का आभास हो रहा है।
पटोले ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कोर कमेटी ने भाजपा की सत्ता-लोलुप राजनीति के बारे में चिंता व्यक्त की । उन्होंने कहा कि उसने (कोर कमेटी) ने भाजपा की ‘तानाशाही प्रवृत्ति’ का अंत करने का संकल्प लिया।
पटोले ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सार्वजनिक रूप से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पर 70,000 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हैं और साथ ही उसके नेताओं (अजित पवार और अन्य) को सम्मानपूर्वक राज्य सरकार में शामिल करते हैं।’’
उन्होंने कहा कि मोदी भ्रष्टाचार पर जो उपदेश देते हैं, उसका वह पालन नहीं करते हैं।
उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री (महाराष्ट्र में) राकांपा विधायकों को मंत्री के रूप में कैसे शामिल कर सकते हैं, जिसे उन्होंने एक बार ‘‘राष्ट्रवादी भ्रष्ट पार्टी’’ कहा था।
भाषा अमित राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.