(फाइल तस्वीरों के साथ)
कोलकाता, छह जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाएं घुटने में लगी चोट की बृहस्पतिवार को सर्जरी हो सकती है। एक करीबी सूत्र ने इस बात की जानकारी दी है।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष का जांच के लिए दिन में राज्य के सरकारी एसएसकेएम अस्पताल जाने का कार्यक्रम निर्धारित है, जहां उनका ऑपरेशन हो सकता है।
ममता बनर्जी का उपचार कर रहे चिकित्सकों के दल में शामिल एक वरिष्ठ चिकित्सक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘उनके बाएं घुटने के जोड़ में सूजन है, जो कि उस हिस्से के आस-पास ज्यादा तरल पदार्थ जमा होने की वजह से हो सकती है। हमें यह देखना होगा कि सर्जरी की जरूरत है या नहीं।’’
ममता बनर्जी को एक हेलीकॉप्टर से उतरते वक्त यह चोट लगी थी। दरअसल पिछले सप्ताह खराब मौसम की वजह से हेलीकॉप्टर को सिलीगुड़ी के पास सेवोके एयरबेस में आपात स्थिति में उतारा गया था। इस दौरान उन्हें बाएं घुटने के अस्थिबंध (लिगामेंट) और बाएं कूल्हे के जोड़ में भी चोट आई थी। उन्हें आराम करने और गतिविधियों को सीमित (कम हिलने-डुलने) करने की सलाह दी गई थी।
भाषा जितेंद्र
जितेंद्र ब्रजेन्द्र मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
