जयपुर, 29 जून (भाषा) राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के टोंक के निवाई और जोधपुर के देचू में सबसे अधिक 11-11 सेमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी दी।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के राज्य में आगे बढ़ने के कारण प्रदेश में व्यापक वर्षा हुई और इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
राजधानी जयपुर में सुबह से बादल छाये हुए हैं। शहर के कई स्थानों पर दोपहर के बाद रूक रूक कर तेज बारिश का दौर चला जिससे कई जगहों पर जलभराव के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जयपुर मौसम केन्द्र के प्रवक्ता के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक टोंक जिले के निवाई शहर और जोधपुर जिले के देचू में 11-11 सेमी बारिश दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि इस दौरान मारवाड़ जंक्शन (पाली) और बाड़मेर में 7-7 सेमी, बानसूर (अलवर) और जहाजपुर (भीलवाड़ा) में 6-6 सेमी जबकि कई अन्य क्षेत्रों में 6 सेमी से लेकर एक सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।
विभाग ने शुक्रवार को अजमेर, भीलवाड़ा, बूंदी में अति भारी बारिश और बांसवाड़ा, बारां, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, टोंक, उदयपुर, नागौर और पाली में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
भाषा कुंज रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
