बेंगलुरु, 29 जून (भाषा) लोकायुक्त पुलिस ने आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति (डीए) मामले को लेकर एक तहसीलदार के 11 परिसरों पर छापेमारी के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
जिले के, के. आर. पुरम में बेंगलुरु ईस्ट तालुक के तहसीलदार एस अजित कुमार राय को विस्तृत जांच के लिये गिरफ्तार किया गया।
लोकायुक्त पुलिस महानिरीक्षक डॉ. ए सुब्रमण्येश्वर राव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”हां, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है, क्योंकि इस मामले में हिरासत में उनसे पूछताछ करना जरूरी है।”
उन्होंने बताया कि राय उन 15 सरकारी अधिकारियों में शामिल हैं, जिनके परिसरों पर कर्नाटक के विभिन्न लोकायुक्त पुलिस थानों में दर्ज आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति के मामलों की जांच के सिलसिले में बुधवार को राज्य लोकायुक्त पुलिस ने छापा मारा था।
लोकायुक्त कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘आरोपी (अजित कुमार राय) के सभी 11 ठिकानों पर तलाशी ली गई, जहां से 40 लाख रुपये नकद सहित लगभग 1.90 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला।’
बयान में आगे कहा गया, ‘हालांकि तलाशी में अन्य लोगों के नाम पर सैकड़ों एकड़ जमीन और कई महंगी कारों से संबंधित कई संपत्तियों के दस्तावेजों का भी खुलासा हुआ है। संदेह है कि ये आरोपियों की बेनामी संपत्ति हैं। मामले की जांच चल रही है।’
भाषा साजन मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
