(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को भारत में जर्मन राजदूत फिलिप एकरमैन और ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त बैरी ओ’फेरेल से मुलाकात की।
यह मुलाकात यहां खरगे के आवास 10, राजाजी मार्ग पर हुई और दोनों देशों के साथ भारत के संबंधों को मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की गई।
खरगे ने बाद में इन बैठकों की तस्वीरें ट्वीट कीं। उन्होंने कहा कि भारत जर्मनी के साथ राजनयिक संबंध स्थापित करने वाले पहले देशों में से एक था। उन्होंने कहा, ‘‘आज जर्मनी द्विपक्षीय और वैश्विक संदर्भ में भारत के सबसे मूल्यवान सहयोगियों में से एक है।’’
उन्होंने ट्वीट किया, ‘भारत में जर्मनी के राजदूत माननीय डॉ. फिलिप एकरमैन से मुलाकात की और उच्च स्तरीय भरोसे एवं परस्पर सम्मान के बीच साझा लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर आधारित गहरी रणनीतिक साझेदारी पर विचार-विमर्श किया।’
खरगे ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘भारत और ऑस्ट्रेलिया में कई समानताएं हैं, जो प्रगाढ़ सहयोग और बहुआयामी संबंधों की नींव के रूप में काम करती हैं। हमारी रणनीतिक साझेदारी आगे बढ़ी है।’
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा, ‘भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त, माननीय बैरी ओ’फेरेल ने मुझसे भेंट की, और हमने दोनों देशों के संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के तरीकों पर चर्चा की।’
भाषा अविनाश मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
