नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और विभिन्न दलों के नेताओं ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री नरसिंह राव को उनकी जयंती पर याद किया और राष्ट्र की प्रगति में उनके योगदान की सराहना की।
कांग्रेस के अनुभवी नेता, राव ने 1991 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद पांच साल का कार्यकाल पूरा किया और उन्हें परिवर्तनकारी बदलावों को अमल में लाकर भारतीय अर्थव्यवस्था को उदारवादी बनाने का श्रेय दिया जाता है।
मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘पी वी नरसिंह राव को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं। उनका दूरदर्शी नेतृत्व और भारत के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उल्लेखनीय थी। हम अपने देश की प्रगति में उनके अमूल्य योगदान का सम्मान करते हैं।’’
कांग्रेस ने राव को उनकी 102वीं जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारत के आर्थिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण में उनके जबरदस्त योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिंह राव को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं। भारत के आर्थिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण में उनके जबरदस्त योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।’’
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडिल पर कहा, ‘‘भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिंह राव को उनकी जयंती पर हम याद करते हैं, जिन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था में कुछ उल्लेखनीय उदार सुधारों की शुरुआत की। आज, हम नरसिंह राव को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जो एक प्रतिष्ठित राजनेता थे और जिन्होंने देश और विदेश दोनों में भारत को नया पहचान दी।’’
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि राव एक महान और भारत के लोकप्रिय पुत्र थे, जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान भारत को ‘अनिश्चित’ आर्थिक परिस्थितियों से बाहर निकाला और देश को ‘अभूतपूर्व विकास’ की ओर अग्रसर किया।
चौधरी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री कभी भी ‘शेखी बघारने और दुष्प्रचार की राजनीति’ में शामिल नहीं रहे।
कांग्रेस नेता चौधरी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘28 जून 1921 को तेलंगाना की मिट्टी ने भारत के महान और सबसे प्रसिद्ध सपूत डॉ पी वी नरसिंह राव को जन्म दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल की खास बात यह है कि उन्होंने अल्पमत की सरकार होने के बावजूद देश को अनिश्चित आर्थिक स्थिति से बाहर निकाला और अभूतपूर्व विकास किया।’’
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि राव न केवल एक बड़े नेता थे, जिनका सभी दलों में सम्मान था बल्कि वह ‘परिवार से बाहर’ के पहले कांग्रेस प्रधानमंत्री भी थे, जिन्होंने पांच साल का सफल कार्यकाल पूरा किया।
पुरी ने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिंह राव को उनकी जयंती पर मेरी श्रद्धांजलि। एक बड़े नेता, उनका पार्टी लाइन से परे सम्मान था और वह वंशवाद से बाहर के पहले कांग्रेसी प्रधानमंत्री थे जिन्होंने पांच साल का सफल कार्यकाल पूरा किया।’’
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि वह एक असाधारण विद्वान और कुशल प्रशासक थे, जिन्होंने ‘विकट चुनौतियों’ के समय देश का नेतृत्व किया।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिंह राव को आज उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि देश की सबसे पुरानी पार्टी को राव की जयंती पर ‘अचानक’ उनकी याद आ गई क्योंकि तेलंगाना चुनाव नजदीक हैं।
भाजपा नेता ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘दशकों तक पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष पी वी नरसिंह राव को अपमानित करने के बाद कांग्रेस को अचानक उनकी जयंती पर उनकी याद आ रही है क्योंकि तेलंगाना चुनाव नजदीक हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह नहीं भूलना चाहिए कि सोनिया गांधी ने उन्हें सम्मान से वंचित रखा… उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में रखने की अनुमति नहीं दी गई। दिल्ली में एक विश्राम स्थल या स्मारक दिए जाने की बात तो छोड़ ही दीजिए, उनके परिवार को अविभाजित आंध्र प्रदेश में उनका अंतिम संस्कार करने के लिए कहा गया।’’
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राव भारत के उदारीकरण और आर्थिक सुधारों के शिल्पकार थे लेकिन कांग्रेस ने उन्हें अपमानित किया और उनकी विरासत को खत्म करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
मालवीय ने आरोप लगाया, ‘‘यहां तक कि राहुल गांधी ने भी अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हैदराबाद में नरसिंह राव के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करना उचित नहीं समझा, जबकि वह जिस रास्ते पर थे, वहां से वह जगह कुछ ही दूरी पर थे।’’
भाषा ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.