scorecardresearch
Monday, 20 April, 2026
होमदेशश्रीनगर की ऐतिहासिक ईदगाह में ईद की नमाज अदा करने की अनुमति नहीं मिली: जामा मस्जिद प्रबंधन निकाय

श्रीनगर की ऐतिहासिक ईदगाह में ईद की नमाज अदा करने की अनुमति नहीं मिली: जामा मस्जिद प्रबंधन निकाय

Text Size:

श्रीनगर, 28 जून (भाषा) श्रीनगर में स्थित ऐतिहासिक ईदगाह के प्रबंधन निकाय ने बुधवार को कहा कि अधिकारियों ने ईदगाह में ईद की नमाज अदा करने की अनुमति नहीं दी है।

अंजुमन औकाफ जामा मस्जिद ने एक बयान में कहा कि अधिकारियों ने प्रबंध निकाय को इस फैसले से अवगत करा दिया है।

बयान में कहा गया, “जनता को सूचित किया जाता है कि अधिकारियों ने अंजुमन औकाफ जामा मस्जिद को बता दिया है कि एक बार फिर, श्रीनगर में ऐतिहासिक और केंद्रीय ईदगाह में ईद उल अज्हा की नमाज की अनुमति नहीं दी जाएगी।”

बयान के अनुसार जिला प्रशासन के अधिकारियों ने आज सुबह अंजुमन औकाफ को फैसले से अवगत कराया।

अंजुमन ने पिछली परंपराओं को ध्यान में रखते हुए घोषणा की थी कि श्रीनगर की ईदगाह में सुबह नौ बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी।

बयान में कहा गया है, “सदियों से ईद की नमाज के लिए निर्दिष्ट ईदगाह में नमाज को रोकना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। इससे घाटी और उससे बाहर के लाखों मुसलमानों की भावनाएं आहत हुई हैं ।”

अंजुमन ने मीरवाइज-ए-कश्मीर मोहम्मद उमर फारूक की निरंतर हिरासत की भी निंदा की, जो परंपरागत रूप से ईद की नमाज से पहले ईदगाह में खुतबा (उपदेश) देते हैं।

बयान में कहा गया है कि मीरवाइज की रिहाई के लिए विभिन्न धार्मिक, राजनीतिक, सामाजिक संगठनों और नागरिक संस्थाओं की अपील के बावजूद, ‘उन्हें लगातार हिरासत में रखा जा रहा है, जो बेहद दुखद और परेशान करने वाली बात है।’

भाषा जोहेब अविनाश

अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments