scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशभाकपा माले के महासचिव दीपांकर ने राजद सुप्रीमो लालू से मुलाकात की

भाकपा माले के महासचिव दीपांकर ने राजद सुप्रीमो लालू से मुलाकात की

Text Size:

पटना, 26 जून (भाषा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य के नेतृत्व में पार्टी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से मुलाकात की तथा विपक्षी एकता को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

पटना में स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आधिकारिक आवास पर राजद सुप्रीमो से वामपंथी नेता की इस मुलाकात को विपक्षी एकता की दिशा में एक बड़ा कदम बताया जा रहा है।

भाकपा माले की बिहार इकाई द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘बिहार में महागठबंधन सरकार की प्रशंसा करते हुए, राजद सुप्रीमो ने कहा कि राज्य में यह सरकार; धार्मिक आधार पर लोगों को बांटकर देश को तोड़ने की साजिश कर रही भाजपा से मुकाबला करने के लिए विपक्षी एकता का एक उदाहरण है।’’

लालू ने 2024 के आम चुनाव से पहले विपक्षी दलों को एकजुट करने में भाकपा (माले) लिबरेशन द्वारा निभाई गई भूमिका की भी प्रशंसा की।

दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि 23 जून को पटना में विपक्षी नेताओं की बैठक 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों का गठबंधन बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम था। बैठक ने पूरे देश में ‘विपक्षी एकता’ का संदेश दिया है…आने वाले दिनों में विपक्षी एकता और मजबूत होगी।

भाकपा माले के बयान में कहा गया है कि लालू प्रसाद के साथ बातचीत के दौरान बिहार से संबंधित कई अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

भाषा अनवर अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments