scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमविदेशप्रधानमंत्री मोदी मिस्र की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर काहिरा पहुंचे

प्रधानमंत्री मोदी मिस्र की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर काहिरा पहुंचे

Text Size:

(फोटो के साथ)

काहिरा, 24 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को मिस्र की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर काहिरा पहुंचे। इस दौरान वह दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी सहित मिस्र के नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे।

मोदी मिस्र के राष्ट्रपति अल-सिसी के निमंत्रण पर मिस्र का दौरा कर रहे हैं। खास गर्मजोशी दिखाते हुए मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मैडबौली ने यहां हवाई अड्डे पर मोदी का स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया और ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। पिछले 26 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की मिस्र की यह पहली यात्रा है। मोदी रविवार को मिस्र के राष्ट्रपति अल-सिसी से मुलाकात करेंगे।

मोदी अपने समकक्ष मैडबौली के नेतृत्व में मिस्र मंत्रिमंडल के साथ भारत पर केंद्रित एक गोलमेज चर्चा में शामिल होंगे। मोदी मिस्र के ग्रैंड मुफ्ती डॉ शॉकी इब्राहिम अब्देल-करीम आलम से मुलाकात करेंगे और बाद में मिस्र के प्रमुख बुद्धिजीवियों के साथ चर्चा करेंगे।

मोदी रविवार को दाऊदी बोहरा समुदाय की मदद से बहाल की गई 11वीं सदी की अल-हकीम मस्जिद भी जाएंगे। मस्जिद का निर्माण फातिमिद वंश के शासन के दौरान किया गया था। भारत में बोहरा समुदाय वास्तव में फातिमिद वंश से उत्पन्न हुआ था और उन्होंने 1970 के दशक से मस्जिद का नवीकरण कराया।

काहिरा में अपने प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री ‘हेलियोपोलिस कॉमनवेल्थ वॉर ग्रेव सीमेट्री’ का दौरा करेंगे, जो एक पवित्र स्थल है और प्रथम विश्व युद्ध के दौरान मिस्र तथा फलस्तीन में सेवा करने वाले एवं शहीद हुए भारतीय सेना के लगभग 3,799 सैनिकों की याद में बनाया गया स्मारक है।

इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति अल-सिसी भारत यात्रा पर आए थे। उनके दौरे के छह महीने के भीतर प्रधानमंत्री की मिस्र की यात्रा हो रही है। अल-सिसी का सितंबर में जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत की यात्रा करने का कार्यक्रम है जहां मिस्र को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments