नोएडा, 23 जून (भाषा) गौतमबुद्ध नगर के थाना सेक्टर -113 क्षेत्र के सर्फाबाद गांव में रहने वाले 18 वर्षीय एक युवक ने शराब के नशे में अपने घर की छत से कथित तौर पर छलांग लगा दी। पुलिस ने बताया कि अत्यंत गंभीर हालत में उसे नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना सेक्टर -113 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 18 वर्षीय सूरज पुत्र अमरपाल सर्फाबाद गांव में रहता था। उन्होंने कहा कि बीती रात वह कहीं से शराब पीकर घर आया तथा फिर से शराब पी और इसके बाद नशे में उसने घर की छत से नीचे छलांग लगा दी। पुलिस के मुताबिक उसके परिजनों ने गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि अस्पताल की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, एक अन्य घटना के तहत मानसिक तनाव के चलते एक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया और उसे गंभीर हालत में नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खोड़ा कॉलोनी में रहने वाले विवेक नामक युवक ने बीती रात को मानसिक तनाव के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। भाषा सं.
संतोषसंतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
