जम्मू, 23 जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में तीन दशकों के अंतराल के बाद शुक्रवार को पहले ‘डिजिटल मूवी थियेटर’ की शुरुआत हुई।
एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस थियेटर का उद्घाटन किया और जिले में फिल्म संस्कृति की वापसी पर जनता और स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ अन्य हितधारकों को बधाई दी।
बयान के मुताबिक, 120 सीट वाला यह थियेटर एचडी स्क्रीन समेत अन्य सुविधाओं से लैस है।
उद्घाटन समारोह में उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर ‘अमृत काल’ में शांति और विकास के एक नए युग का गवाह बन रहा है और किश्तवाड़ में थियेटर की शुरुआत एक महत्वाकांक्षी समाज का प्रतीक है।
सिन्हा ने कहा, ‘‘कला और रचनात्मकता सभी सीमाओं से परे लोगों को करीब लाती है। सिनेमा सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह संस्कृति, समाज का अभिन्न अंग और हमारे आसपास हो रहे बदलाव का प्रतिबिंब भी है।’’
उल्लेखनीय है कि 1990 के दशक में एक निजी स्वामित्व वाले थिएटर को आतंकवादियों द्वारा निशाना बनाए जाने के बाद से किश्तवाड़ में दशकों से सिनेमा हॉल नहीं था।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
