scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशपटना में टीएमसी से हाथ मिलाकर अपने कार्यकर्ताओं को धोखा दे रही है कांग्रेस, माकपा : भाजपा

पटना में टीएमसी से हाथ मिलाकर अपने कार्यकर्ताओं को धोखा दे रही है कांग्रेस, माकपा : भाजपा

Text Size:

कोलकाता, 23 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पटना में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के साथ हाथ मिलाकर पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनावों में जुटे हुए अपने जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को ‘धोखा’ दे रही हैं।

भाजपा ने बिहार की राजधानी पटना में विपक्षी दलों की बैठक को अवसरवादी गठबंधन करार दिया है।

भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘ पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख अधीर चौधरी और माकपा की केंद्रीय समिति के सदस्य सुजान चक्रवर्ती को आठ जुलाई के पंचायत चुनावों के मद्देनजर टीएमसी के गुंडों द्वारा हमला किए जाने पर अपने जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की सहायता के लिए जाने का कोई अधिकार नहीं होगा। ’’

समिक भट्टाचार्य ने दावा किया कि कांग्रेस और माकपा दोनों ही पार्टियों की राज्य इकाई के नेताओं का मुखौटा पश्चिम बंगाल की जनता के सामने उतर गया है।

भाजपा नेता ने सवाल करते हुए पूछा, ‘‘जब लोग मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ बैठे कांग्रेस और माकपा के शीर्ष नेताओं की तस्वीरें देखेंगे तो वे तृणमूल कांग्रेस की हत्या, हमले और धमकी की राजनीति के खिलाफ अपनी आवाज कैसे उठाएंगे? वे टीएमसी के गुंडों द्वारा मारे गए लोगों के परिवार के सदस्यों को कैसे सांत्वना दे सकते हैं।’’

समिक भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘ बंगाल की जनता ने टीएमसी, कांग्रेस और वाम दलों से अपना मुंह मोड़ लिया है और वे भाजपा की ओर झुकेंगे क्योंकि वे इन सभी दलों के रुख में पाखंड और विरोधाभास देख रहे हैं।’’

भाजपा पर पलटवार करते हुए टीएमसी की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता जॉय प्रकाश मजूमदार ने कहा, ‘‘ पटना की बैठक के दौरान विपक्षी दलों ने हमारी नेता ममता बनर्जी द्वारा हर जगह सांप्रदायिक भाजपा को हराने के बार-बार किए गए आह्वान को सही ठहराया है।’’

इससे पहले, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मेजबानी में विपक्षी दलों की यह बैठक मुख्यमंत्री के आवास ‘1 अणे मार्ग’ पर हुई, जिसमें 15 दलों के करीब 30 विपक्षी नेताओं ने भाग लिया।

कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एवं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव, शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने बैठक में भाग लिया।

द्रमुक नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता महबूबा मुफ्ती, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी राजा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी और कुछ अन्य नेता भी इस बैठक में शामिल हुए।

करीब चार घंटे तक चली मैराथन बैठक के बाद विपक्षी नेता मीडिया से मुखातिब हुए, लेकिन आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल संवाददाता सम्मेलन में नहीं पहुंचे।

भाषा रवि कांत माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments