कौशांबी (उप्र), 23 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को विपक्षी दलों की पटना में हुई बैठक पर तंज कसते हुए दावा किया कि सभी विरोधी दल अगर एक हो जाएं तो भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का बाल बांका नहीं होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केंद्र की भाजपा सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर यहां आयोजित जनसभा में उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के साथ पहुंचे दिनेश शर्मा ने यह बात कही।
उन्होंने कहा, ”सारे विरोधी दलों के एक होने पर भी भाजपा उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतेगी।”
उन्होंने कहा , ‘‘मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद दुनिया भर में भारत का मान बढ़ा है।’’
गौरतलब है कि विपक्ष के 15 राजनीतिक दलों के नेताओं ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए साझा रणनीति तय करने के लिए शुक्रवार को पटना में बैठक की।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मेजबानी में यह बैठक मुख्यमंत्री के आवास ‘1 अणे मार्ग’ पर हुई, जिसमें करीब 30 विपक्षी नेताओं ने भाग लिया।
दिनेश शर्मा ने जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी सरकार के नौ वर्ष की उपलब्धियां गिनाई। वहीं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि वर्ष 2024 तक देश के सभी घरों में नल से पानी पहुंचाने का लक्ष्य पूरा होगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून का राज है, बेटियां सुरक्षित हैं, त्योहार शांति से मनाए जाते हैं तथा हिंदू और मुसलमान शांति से उत्तर प्रदेश के विकास की ओर अग्रसर है।
कौशांबी के सांसद विनोद सोनकर ने भी जनसभा को संबोधित किया।
भाषा सं आनन्द शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
