नई दिल्ली, 22 जून (भाषा) राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक और सत्र में दुनिया में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले लंबी कूद के खिलाड़ी जेस्विन एल्ड्रिन 30 जून को स्विट्जरलैंड के लुसाने में होने वाली डाइमंड लीग से हट गए हैं क्योंकि वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह से फिट नहीं हैं।
एल्ड्रिन को साथी भारतीय मुरली श्रीशंकर के साथ लुसाने में प्रतिस्पर्धा करनी थी। श्रीशंकर ने इस महीने की शुरुआत में डाइमंड लीग के पेरिस चरण में कांस्य पदक जीता था।
मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने गुरुवार को पीटीआई को बताया, ‘‘एल्ड्रिन लुसाने डाइमंड लीग से बाहर हो गए हैं क्योंकि वह शत प्रतिशत फिट नहीं हैं। वह पूरी फिटनेस हासिल करने के लिए अधिक समय चाहते हैं।’’
इक्कीस वर्षीय एल्ड्रिन ने सोमवार को भुवनेश्वर में संपन्न राष्ट्रीय अंतर राज्यीय चैंपियनशिप में भाग लिया था जहां वह 7.98 मीटर के प्रयास से श्रीशंकर के बाद दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने हालांकि एशियाई खेलों के क्वालीफाइंग स्तर 7.95 मीटर से बेहतर प्रदर्शन किया।
भाषा सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
