scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशनीतीश चेन्नई नहीं गए, तेजस्वी रवाना

नीतीश चेन्नई नहीं गए, तेजस्वी रवाना

Text Size:

पटना, 20 जून (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को चेन्नई नहीं गए, जहां उन्हें तमिलनाडु के उनके समकक्ष एमके स्टालिन ने द्रमुक के दिवंगत नेता करुणानिधि के स्मारक के उद्घाटन समारोह में आमंत्रित किया था।

उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, अंतिम क्षण में मुख्यमंत्री ने अपना कार्यक्रम बदल दिया । हालांकि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव तथा मंत्रिमंडलीय सहयोगी संजय झा तय कार्यक्रम के अनुसार दक्षिणी शहर के लिए रवाना हो गए।

जदयू के शीर्ष नेता नीतीश कुमार द्वारा यात्रा रद्द किए जाने के कारण के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों ने कहा कि 23 जून को प्रस्तावित विपक्षी नेताओं की बैठक की तैयारियों में व्यस्तता के कारण तथा ‘अस्वस्थ’ होने के कारण उन्हें ‘आराम की जरूरत’ महसूस हुई।

नीतीश और तेजस्वी को दिवंगत द्रमुक नेता एम करुणानिधि के स्मारक के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया गया था।

पटना में बिहार के मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर 23 जून को विपक्षी दलों की बैठक होगी।

इसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन के अलावा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, राकांपा नेता शरद पवार, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे और कुछ अन्य विपक्षी नेताओं ने भाग लेने के लिए अपनी सहमति जता दी है।

भाषा अनवर मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments