scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशगोंडा जिले के सात थाना प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मंडलायुक्त ने डीआईजी को लिखा पत्र

गोंडा जिले के सात थाना प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मंडलायुक्त ने डीआईजी को लिखा पत्र

Text Size:

गोंडा (उप्र), 18 जून (भाषा) गोंडा जिले में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में सदर तहसील के सभी सात थाना प्रभारी निरीक्षकों के अनुपस्थित रहने का संज्ञान लेते हुए देवीपाटन मंडल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्रा ने कार्रवाई के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) को पत्र लिखा है।

मंडलायुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सुश्री एम. अरुन्मौलि की अध्यक्षता में सदर तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में सदर तहसील के सभी सात थाना प्रभारी निरीक्षकों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया है।

आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि डीआईजी को भेजे गये पत्र में मंडलायुक्त ने शासन के निर्देशों की अवहेलना करने पर सभी सात पुलिस निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है।

पत्र में मंडलायुक्त ने डीआईजी से कहा है कि अनुपस्थित प्रभारी निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी शासन के आदेशों की अवहेलना ना कर सके।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को सात प्रभारी निरीक्षकों की अनुपस्थिति को सीडीओ ने गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को इस बारे में एसपी को पत्र लिखकर सूचित करने का निर्देश दिया था। इस पर एसडीएम कुलदीप सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से पुलिस अधीक्षक को एक रिपोर्ट भेजकर सभी के खिलाफ कार्यवाही की अनुशंसा की थी।

मीडिया में रविवार को आई खबरों का संज्ञान लेते हुए मंडलायुक्त ने कार्रवाई का निर्देश दिया है।

अनुपस्थित अधिकारियों में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर राकेश कुमार सिंह, कोतवाली देहात महेन्द्र कुमार सिंह, खरगूपुर के थाना प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी, इटियाथोक के संतोष सरोज, कौड़िया के संदीप सिंह, मोतीगंज के प्रबोध कुमार और धानेपुर के थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रम्हानंद सिंह शामिल हैं।

इस सिलसिले में पूछे जाने पर आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने कहा कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा शासन के निर्देशों की अवहेलना किया जाना गंभीर बात है और इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भाषा सं आनन्द दिलीप संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments