कोलकाता, 12 जून (भाषा) म्यामां के वाणिज्य मंत्री यू आंग नाइंग ऊ ने सोमवार को उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच रुपया-क्यात व्यापार समझौता जून के अंत तक हो जाएगा।
ऊ ने कहा कि इस व्यवस्था के लागू होने के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़कर दोगुना हो जाएगा। गौरतलब है कि अमेरिकी प्रतिबंधों का सामना कर रहे म्यामां के पास वस्तुओं का आयात करने के लिए विदेशी मुद्रा की कमी है।
उन्होंने यहां ईईपीसी इंडिया के एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘हम 2021 से अमेरिकी प्रतिबंधों से पीड़ित हैं और दूसरे देशों के साथ लेनदेन को डॉलर में निपटाना मुश्किल हो रहा है।’’
इस विशेष व्यवस्था के तहत म्यामां भारत को किए जाने वाले सभी निर्यात के लिए रुपये में भुगतान स्वीकार करेगा, और इस रुपये के भंडार का इस्तेमाल भारत से आयात करने के लिए करेगा।
आरबीआई ने म्यामां के साथ विदेशी व्यापार को सुविधाजनक बनाने के लिए एक विशेष वोस्ट्रो खाता खोलने के लिए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) को नियुक्त किया है। पीएनबी ने इसके लिए म्यामां में दो बैंकों से संपर्क किया है, जहां ये खाते खोले जाएंगे।
मंत्री ने कहा, ‘‘पीएनबी और म्यामां के केंद्रीय बैंक के बीच बातचीत चल रही है, जिसके इस महीने के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। एक बार यह व्यवस्था लागू होने के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार की मात्रा दोगुनी हो जाएगी।’’
ऊ ने कहा कि भारत 77.51 करोड़ डॉलर के निवेश के साथ म्यामां में 11वां सबसे बड़ा निवेशक है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
