लंदन, 11 जून ( भाषा ) मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में पहले गेंदबाजी के भारत के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि मौसम और पिच को देखकर यह फैसला लिया गया था ।
जीत के लिये 444 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम पांचवें दिन पहले ही सत्र में 234 रन पर आउट हो गई ।
इस मैच की कमेंट्री कर रहे पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने द्रविड़ से कुछ कठिन सवाल पूछे । उन्होंने पहले गेंदबाजी के फैसले पर भी सवाल किया ।
द्रविड़ ने कहा ,‘‘ हमने मौसम और पिच पर जमी घास को देखकर यह फैसला किया था । हमें लगा था कि बाद में बल्लेबाजी करना आसान हो जायेगा । इंग्लैंड में पिछले कुछ समय में अधिकांश टीमें ऐसे ही फैसले लेती आई हैं ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ हमें लगा था कि यह अच्छा फैसला है क्योंकि आस्ट्रेलिया के तीन विकेट 70 रन पर गिर गए थे लेकिन अगले दो सत्र में हमने काफी रन दिये । हम उन्हें 300 रन पर भी आउट कर पाते तो मैच में बने रहते ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ हमने सोचा कि लक्ष्य चाहे जो भी हो, हम जुझारूपन नहीं छोड़ेंगे हालांकि इसके लिये असाधारण प्रदर्शन की जरूरत थी । हमारे गेंदबाजों ने निराश किया क्योंकि इस पिच पर 469 रन नहीं बनने चाहिये थे । इसके बाद बल्लेबाजों ने खराब शॉट खेले ।’’
पिछले दस साल में आईसीसी खिताब नहीं जीत पाने के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा ,‘‘ हम करीब पहुंच रहे हैं । हम सेमीफाइनल, फाइनल में पहुंच रहे हैं लेकिन हमने पिछले पांच दिन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया । हम आत्ममंथन करेंगे ।’’
शीर्षक्रम के बल्लेबाजों की नाकामी पर द्रविड़ ने कहा ,‘‘ हमारे पास शीर्ष पांच में अनुभवी खिलाड़ी हैं जिन्होंने ऊंचे मानक कायम किये हैं । ये खिलाड़ी भविष्य में लीजैंड कहलायेंगे । उन्होंने आस्ट्रेलिया में दो श्रृंखलायें जीती, इंग्लैंड में टेस्ट जीते । हम जो कर सकते हैं, कर रहे हैं ।’’
भाषा
मोना आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
