नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) दिल्ली के बवाना इलाके में विवाहेतर संबंध होने के शक में पत्नी की हत्या करने के आरोपी 35 वर्षीय एक मजदूर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान बुद्ध विहार निवासी सत्यपाल के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह एक टेंट हाउस में दिहाड़ी मजदूर है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को सत्यपाल ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी के लापता होने की शिकायत विजय विहार थाने में दर्ज कराई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को शिकायतकर्ता को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। उसके जवाबों पर संदेह होने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की और उसने खुलासा किया कि उसने रविवार को अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी।
अधिकारी ने बताया कि सत्यपाल ने अपनी पत्नी पर लोहे की रॉड से हमला किया।
उन्होंने बताया कि बवाना थाने से इस संबंध में जानकारी ली गई तो पता चला कि मंगलवार को बवाना के प्रेम प्याऊ के पास जंगल से एक शव बरामद हुआ है।
पुलिस ने बताया कि अब तक की पूछताछ में पता चला है कि उसे अपनी पत्नी के विवाहेतर संबंध होने का शक था।
भाषा जितेंद्र अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
