scorecardresearch
Saturday, 21 February, 2026
होमदेशकर्नाटक विधानसभा चुनाव में हार के बाद भाजपा की उल्टी गिनती शुरू : अखिलेश

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में हार के बाद भाजपा की उल्टी गिनती शुरू : अखिलेश

Text Size:

एटा (उप्र), 14 मई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी भाजपा की पराजय को उसकी ‘उल्टी गिनती’ की शुरुआत करार दिया है।

रविवार को एटा में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, ‘कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में तमाम जोर लगाने के बावजूद भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। यह भाजपा के लिए उल्टी गिनती की शुरुआत का संकेत है।’

गौरतलब है कि शनिवार को आए कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने राज्य में स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया।

अखिलेश यादव ने शनिवार को ही संपन्न उत्तर प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा पर मतदाताओं को वोट देने से रोकने और अन्य तमाम तरह की धांधली करने का आरोप लगाया और कहा कि यह चुनाव जीतने के लिए भाजपा जो हथकंडे अपना सकती थी वह अपनाये।

उन्होंने अधिकारियों पर भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘भाजपा ने अधिकारियों को भी अपनी पार्टी का सदस्य बना लिया है। जो भाजपा कहती है वही कानून की तरह माना जाता है। यह चुनाव लूट का चुनाव था और इसी का ही परिणाम आपको दिखाई दे रहा है। भाजपा के लोग भले ही जीत गए हों लेकिन चेहरे से वो ख़ुशी नहीं दिखाई दे रही है।’

यादव ने कहा, ‘भाजपा को सिर्फ जीत से मतलब है। चाहे लोकतंत्र और कानून खत्म हो जाए। उसे किसी की परवाह नहीं है। प्रदेश में अब लोकतंत्र नहीं बचा,आजादी नहीं है। इस सरकार में ऊपर से नीचे तक बैठे लोग झूठ और प्रोपोगंडा के अलावा कुछ नहीं कर रहे हैं।’

भाषा सं सलीम रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments