scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशबदरीनाथ, केदारनाथ धामों में क्यूआर कोड से दान वाले बोर्ड को लेकर पुलिस में शिकायत

बदरीनाथ, केदारनाथ धामों में क्यूआर कोड से दान वाले बोर्ड को लेकर पुलिस में शिकायत

Text Size:

देहरादून, 30 अप्रैल (भाषा) बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिरों में क्यूआर कोड के माध्यम से दान स्वीकार करने वाले बोर्ड लगाए जाने के मामले में श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ने रविवार को पुलिस में शिकायत देकर इसकी जांच करने की मांग की है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने यहां जारी एक बयान में स्पष्ट किया कि क्यूआर कोड के माध्यम से दान देने के लिए मंदिरों के पास लगे बोर्ड समिति की ओर से नहीं लगाए गए थे।

उन्होंने कहा कि दोनों धामों में कपाट खुलने के दिन ये बोर्ड लगे पाए गए थे और मंदिर समिति के अधिकारियों के संज्ञान में आने पर उसी दिन इन्हें उतार दिया गया था।

अजय ने कहा कि मंदिर समिति के अधिकारियों ने पहले अपने स्तर से इस मामले की छानबीन की और इसके पश्चात रविवार को केदारनाथ पुलिस चौकी और बदरीनाथ में पुलिस कोतवाली में इस संबंध में तहरीर देकर मामले की जांच की मांग की गयी है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि मंदिर समिति द्वारा वर्तमान में अपने कामकाज में पेटीएम जैसे ऑनलाइन ऐप का उपयोग नहीं किया जाता है।

गौरतलब है कि केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को और बदरीनाथ मंदिर के कपाट 27 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे।

भाषा दीप्ति अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments