scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशअर्थजगतटाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स का चौथी तिमाही का मुनाफा 21 प्रतिशत बढ़कर 289.56 करोड़ रुपये पर

टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स का चौथी तिमाही का मुनाफा 21 प्रतिशत बढ़कर 289.56 करोड़ रुपये पर

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टीसीपीएल) का एकीकृत शुद्ध लाभ बीते वित्त वर्ष (2022-23) की चौथी तिमाही में 21.12 प्रतिशत बढ़कर 289.56 करोड़ रुपये रहा है।

टीसीपीएल ने मंगलवार को बीएसई को यह जानकारी दी। कंपनी ने इससे पिछले वित्त वर्ष 2021-22 की जनवरी-मार्च तिमाही में 239.05 करोड़ रुपये शुद्ध लाभ कमाया था।

टीसीपीएल को पहले टाटा ग्लोबल बेवरेजेज लिमिटेड के नाम से जाना जाता था।

कंपनी की आलोच्य तिमाही में परिचालन आय 13.96 प्रतिशत बढ़कर 3,618.73 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 3,175.41 करोड़ रुपये रहा था।

इस दौरान कंपनी का कुल खर्च भी 14.11 प्रतिशत बढ़कर 3,217.58 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले समान अवधि में यह 2,819.60 करोड़ रुपये रहा था।

टीसीपीएल के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) एल कृष्णकुमार ने पीटीआई-भाषा से कहा, यह एक बहुत मजबूत तिमाही रही। इस दौरान इससे पिछली तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) की तुलना में वृद्धि के रुझान में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि भारतीय कारोबार ने वृद्धि में मदद की।

टीसीपीएल का पूरे वित्त वर्ष 2022-23 का एकीकृत शुद्ध लाभ 30.04 प्रतिशत बढ़कर 1,320.14 करोड़ रुपये रहा। इसने वित्त वर्ष 2021-22 में 1,015.16 करोड़ रुपये शुद्ध लाभ कमाया था।

इस दौरान उसकी परिचालन आय भी 13,783.16 करोड़ रुपये रही। यह एक साल पहले के 12,425.37 करोड़ रुपये से 10.92 प्रतिशत अधिक है।

टीसीपीएल ने एक अलग सूचना में कहा कि कंपनी के निदेशक मंडल ने मंगलवार को बैठक में वित्त वर्ष 2022-23 के लिए एक रुपये के शेयर पर 8.45 रुपये के अंतिम लाभांश की घोषणा की है।

भाषा रिया अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments