नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) दिल्ली सरकार अपने स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों में कुपोषण के मुद्दे पर अभिभावकों के लिए छह मई को एक बड़ा परामर्श शिविर आयोजित करेगी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली सरकार ने एक बयान में कहा कि शिविर में अभिभावकों को पोषण और स्वस्थ खान-पान की आदतों के बारे में आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनके बच्चों को संतुलित और पौष्टिक आहार मिले।
बयान में कहा गया, ‘छह मई को होने वाले कार्यक्रम का उद्देश्य दिल्ली सरकार के स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों के बीच कुपोषण के मुद्दे से निपटना है।”
शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा, “दिल्ली सरकार के स्कूलों में पढ़ने वाले हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ ही केजरीवाल सरकार बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए लगातार कदम उठा रही है।’’ उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अपने स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों में कुपोषण को दूर करने के लिए कई कदम उठा रही है।
हाल ही में शुरू की गई ऐसी ही एक पहल ‘मिनी स्नैक ब्रेक’ है। निर्धारित दोपहर भोजनावकाश से ढाई घंटे पहले इसमें छात्रों को पौष्टिक आहार के प्रति प्रोत्साहित किया जाता है।
भाषा
जोहेब पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.