नई टिहरी (उत्तराखंड), 25 अप्रैल (भाषा) टिहरी जिला मुख्यालय में राजकीय होटल प्रबंधन संस्थान के निकट पुनर्वास विभाग की जमीन पर धार्मिक स्थल के नाम पर किए गए अतिक्रमण को मंगलवार को प्रशासन की टीम ने हटा दिया।
टिहरी के तहसीलदार आशीष घिल्डियाल ने यहां बताया कि सेक्टर-31 में 121 वर्गमीटर भूमि पर पीर बाबा की मजार की आड़ में लंबे समय से अवैध कब्जा था जिसे स्वयं हटा लेने के लिए हरीश राजपाल नाम के व्यक्ति को कई नोटिस जारी किए गए थे।
उन्होंने बताया कि नोटिस पर कोई जवाब या कार्रवाई न किए जाने पर पुनर्वास विभाग, पुलिस, तहसील प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।
तहसीलदार ने कहा कि अतिक्रमण को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कई बार कह चुके हैं कि प्रदेश में 1000 से ज्यादा ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं जहां अनावश्यक रूप से मजार या अन्य कोई निर्माण कर अतिक्रमण किया गया है।
उन्होंने कहा था कि अतिक्रमणकारियों से अपना निर्माण स्वयं हटा लेने को कहा गया है, अन्यथा सरकार उसे हटाएगी। धामी ने कहा था, ‘‘हमने कहा है कि अतिक्रमण चाहे वन विभाग की भूमि पर हो या लोक निर्माण विभाग या राजस्व विभाग की भूमि पर, उसे स्वयं ही हटा लिया जाए। उत्तराखंड के अंदर यह ‘लैंड जिहाद’ नहीं चलेगा।’’
भाषा सं दीप्ति दीप्ति नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.