बनिहाल/जम्मू, 25 अप्रैल (भाषा) जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ बनिहाल बाइपास का निर्माण कार्य जोरों पर है और इस साल के अंत तक कार्य पूर्ण होने की संभावना है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 224 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली चार-लेन वाली बनिहाल बाईपास परियोजना के पूरा होने से यात्रियों के साथ-साथ वहां के आसपास के लोगों को यातायात जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
आरएबीसीसी के परियोजना प्रबंधक सुजय पाल ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘काम पूरे जोरों पर है और हम निर्धारित समय सीमा (जनवरी 2024) के भीतर परियोजना को पूरा करने के लिए आशान्वित हैं।’
एमजी कॉन्ट्रैक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड ने 2019 में आरएएमकेवाई इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड से प्रोजेक्ट अपने हाथ में ले लिया था, लेकिन निर्माण कार्य 2021 में शुरू हुआ।
पाल ने कहा, ‘हर परियोजना हमारे लिए एक चुनौती है। सभी मुद्दों के सुलझने के बाद काम में तेजी आई है और हमारा प्रयास है कि परियोजना को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।’
बनिहाल बाईपास की नियमित निगरानी कर रहे अब्बास ने बताया कि हालांकि परियोजना को पूरा करने की समय सीमा जनवरी 2024 तय की गई है, लेकिन निर्माण कंपनी ने इस साल दिसंबर तक काम पूरा करने का आश्वासन दिया है, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
भाषा साजन पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.