नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) दिल्ली अग्निशमन सेवा ने कुछ कमियों के कारण विज्ञान भवन के अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र का नवीनीकरण करने से इनकार कर दिया है।
विज्ञान भवन केंद्र सरकार का प्रमुख स्थल है जहां कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
अग्निशमन विभाग ने उल्लेख किया कि भूमिगत तल (बेसमेंट), मुख्य हॉल और परिकोष्ठ (एट्रियम) में धूम्रपान प्रबंधन प्रणाली उपलब्ध नहीं है।
विभाग ने 13 अप्रैल के अपने संदेश में यह भी उल्लेख किया कि आग बुझाने के लिए पानी वाले पाइप (होज रील) और अग्निशमन बम्बा (हाइड्रेंट) पूरे भवन (जमीन और ऊपरी मंजिलों) को पर्याप्त रूप से कवर नहीं करते।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्होंने (विज्ञान भवन)अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र के नवीनीकरण के लिए आवेदन किया था। जब अग्निशमन अधिकारियों की एक टीम द्वारा निरीक्षण किया गया, तो कुछ कमियां पाई गईं और उन्हें सुधारने के लिए कहा गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उपरोक्त कमियों को देखते हुए अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र जारी करने के अनुरोध को अस्वीकार किया जाता है। अतः आपसे अनुरोध है कि उपरोक्त कमियों को अतिशीघ्र दूर करें।’’
विज्ञान भवन केंद्र सरकार का एक प्रमुख कार्यक्रम स्थल है। इसका रखरखाव केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) द्वारा किया जाता है।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.