नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) सोमवार को ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से अपराह्न दो बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:-
प्रादे27उप्र अतीक एसआईटी
अतीक-अशरफ हत्याकांड की जांच के लिए उप्र पुलिस ने गठित की एसआईटी
लखनऊ, माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद और उसके पूर्व विधायक भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ की पुलिस हिरासत में गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले की तफ्तीश के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।
प्रादे13पबंगाल सीबीआई लीड तृणमूल विधायक
पश्चिम बंगाल में स्कूल भर्ती घोटाला: तृणमूल विधायक साहा गिरफ्तार
कोलकाता/मुर्शिदाबाद, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने स्कूलों में कथित रूप से अवैध भर्तियों के मामले की जांच के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस के विधायक जीवन कृष्ण साहा को सोमवार सुबह मुर्शिदाबाद जिले के बुरवान स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
प्रादे36बिहार जहरीली शराब मौत
बिहार : जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या 26 हुई, पांच थानाध्यक्ष निलंबित
मोतिहारी/पटना, बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से जान गंवाने वालों की संख्या सोमवार को बढकर 26 हो गई। इस मामले में पांच थानाध्यक्षों को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
दि13न्यायालय पबंगाल भर्ती घोटाला
प.बंगाल : जांचकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकियां दर्ज नहीं करने के आदेश पर न्यायालय की रोक
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के उस आदेश पर सोमवार को रोक लगा दी, जिसमें पश्चिम बंगाल पुलिस को स्कूल भर्ती घोटाले की जांच कर रहे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं करने का निर्देश दिया गया था।
दि3वायरस मामले
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 60,313 हुई
नयी दिल्ली, भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 9,111 नए मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,48,27,226 हो गई। वहीं उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 60,313 पर पहुंच गई।
अर्थ8 थोक मुद्रास्फीति
थोक मुद्रास्फीति मार्च में 29 महीने के निचले स्तर 1.34 प्रतिशत पर; खाद्य वस्तुओं की महंगाई बढ़ी
नयी दिल्ली, थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) आधारित मुद्रास्फीति मार्च 2023 में घटकर 29 महीने के निचले स्तर 1.34 प्रतिशत पर आ गई। सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
वि11 सूडान संघर्ष
सूडान में संघर्ष तीसरे दिन भी जारी, 97 आम लोगों की मौत
खार्तूम, सूडान पर नियंत्रण को लेकर देश की सेना तथा एक शक्तिशाली अर्द्धसैनिक बल के बीच सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी संघर्ष जारी रहा और पिछले दो दिन में इस संघर्ष में 97 आम लोगों की मौत हुई है।
वि10पाकिस्तान सनाउल्लाह नवाज
नवाज शरीफ लंदन से लौटेंगे और चुनावी अभियान की निगरानी करेंगे : गृह मंत्री सनाउल्लाह
इस्लामाबाद, पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने कहा कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के सुप्रीमो नवाज शरीफ आम चुनाव के लिए तैयारियां शुरू होने पर जल्द ही लंदन से लौटेंगे।
वि3हांगकांग कार्यकर्ता सजा
हांगकांग : जोशुआ वोंग को एक और मामले में जेल की सजा
हांगकांग, हांगकांग के सामाजिक कार्यकर्ता जोशुआ वोंग को 2019 के सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान एक पुलिस अधिकारी के बारे में निजी सूचना का खुलासा करने पर अदालत के प्रतिबंध का उल्लंघन करने के जुर्म में सोमवार को तीन महीने की जेल की सजा सुनायी गयी।
खेल7खेल आईपीएल गावस्कर धोनी
धोनी जैसा कप्तान न कभी हुआ और ना ही भविष्य में होगा: गावस्कर
नयी दिल्ली, अपने जमाने के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ कप्तान करार देते हुए कहा कि उनके जैसा कप्तान ना कभी हुआ और ना ही भविष्य में होगा।
भाषा
निहारिका नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.