scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशसंबलपुर में ताजा हिंसा के बाद कर्फ्यू लगाया गया, इंटरनेट सेवा के निलंबन की अवधि बढ़ाई गई

संबलपुर में ताजा हिंसा के बाद कर्फ्यू लगाया गया, इंटरनेट सेवा के निलंबन की अवधि बढ़ाई गई

Text Size:

( फोटो के साथ )

संबलपुर (ओडिशा), 15 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के संबलपुर शहर में रात में हुई हिंसा की छिटपुट घटनाओं और रहस्यमय परिस्थितियों में एक व्यक्ति की मौत के बाद शनिवार को कर्फ्यू लगा दिया गया। वहीं, सरकार ने इंटरनेट सेवा के निलंबन की अवधि और 48 घंटों के लिए बढ़ा दी है।

हिंसा की घटनाएं शुक्रवार शाम को कड़ी सुरक्षा के बीच हनुमान जयंती की शोभायात्राएं निकाले जाने के बाद हुई।

एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या किये जाने की खबर फैलने के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार की रात कई दुकानों में आग लगा दी गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हमला संभवत: हनुमान जयंती से जुड़ा न हो।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और शुक्रवार देर रात करीब एक बजे कर्फ्यू लगाए जाने के बाद से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।

रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं खरीदने के लिए कर्फ्यू में सुबह आठ से दस बजे तक और अपराह्न साढ़े तीन से शाम साढ़े पांच बजे तक ढील दी गई है। आवश्यक वस्तुएं बेचने वाली दुकानों के अलावा अन्य दुकानें बंद हैं।

बुधवार की शाम हिंसा के बाद से शहर में इंटरनेट सेवा निलंबित है। हिंसा की घटना के बाद यहां धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा भी लगाई गई थी।

ताजा हिंसा के बाद राज्य के गृह विभाग ने एक आदेश में कहा है कि 17 अप्रैल पूर्वाह्न को 10 बजे तक इंटरनेट और सोशल मीडिया नेटवर्क के इस्तेमाल पर रोक रहेगी।

ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सुनिक के बंसल संबलपुर पहुंचे और संबलपुर की स्थिति की समीक्षा की।

उन्होंने कहा, ‘‘संबलपुर में अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं तथा वरिष्ठ अधिकारी हालात पर नजर रख रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी अपने परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश कर सकते हैं और उस अवधि में बाहर आ सकते हैं। इन अभ्यर्थियों की मदद के लिए विशेष प्रावधान किए जा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और जल्द ही इसमें सुधार की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उप महानिरीक्षक (उत्तर-मध्य रेंज) बृजेश कुमार राय ने कहा कि प्रशासन ने शुक्रवार की रात शहर में हुई हिंसा के बाद क्षेत्र में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए कर्फ्यू लागू करने का फैसला लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक बी. गंगाधर ने कहा, ‘‘8-9 जगहों पर आगजनी की घटना हुई है। करीब सात लोगों को हिरासत में लिया गया। चाकू हमले में हुई एक व्यक्ति की मौत को हनुमान जयंती से नहीं जोड़ा जा सकता। यह मामला निजी हो सकता है। हमने इस सिलसिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।’’

संबलपुर की जिलाधिकारी अनन्या दास ने बताया कि सभी शैक्षणिक संस्थान, व्यापारिक प्रतिष्ठान और सरकारी एवं निजी कार्यालय बंद रहेंगे।

जिलाधिकारी ने लोगों से प्रशासन के साथ सहयोग करने और पश्चिमी ओडिशा के इस शहर में जल्द से जल्द शांति बहाली सुनिश्चित करने की अपील की।

दास ने कहा, ‘‘मैं लोगों से आग्रह करती हूं कि अफवाहों पर विश्वास न करें। प्रसारित की जा रही खबरों में से करीब 95 फीसदी झूठी हैं। लोगों की मदद से स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी। प्रशासन प्रतियोगी परीक्षाएं कराने के संबंध में फैसला करेगा।’’

भाजपा विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को संबलपुर पहुंचा था और उसने शहर में हनुमान जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा में हिस्सा लिया था। उन्होंने कानून-व्यवस्था की समस्या के लिए स्थानीय पुलिस और प्रशासन को जिम्मेदार बताया।

भाजपा विधायक ललितेंदु बिद्याधर महापात्र ने अज्ञात बदमाशों द्वारा की गई युवक की हत्या के मामले में उसके परिजनों को समुचित मुआवजा देने की मांग की है।

इस हमले में उनके एक साथी को भी चोट आयी है और उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कांग्रेस नेता बिजय पटनायक ने भी आरोप लगाया कि प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असफल रही है।

वहीं, सत्तारूढ़ बीजद के नेता देबी प्रसाद मिश्रा ने कहा, ‘‘विपक्ष को ऐसे संवेदनशील मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। पुलिस बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है।’’

भाषा अर्पणा दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments