कोलकाता, 13 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल राजभवन में शनिवार को पहली बार ‘पोइला बोइशाख’ (बंगाली नववर्ष) का आयोजन किया जाएगा और इस दौरान राजभवन आम लोगों के लिए भी खुलेगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल सी वी आनंद बोस ने अपने अधिकारियों को ‘पोइला बोइशाख’ के लिए व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं।
उन्होंने बताया कि इस दौरान आम लोगों को राजभवन में ‘हेरिटेज वॉक’ की अनुमति दी जाएगी तथा इसे ‘जन राजभवन’ कहा जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि इस मौके पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मौजूद रह सकती हैं।
अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘शनिवार को राजभवन में ‘पोइला बैशाख’ (बंगाली नववर्ष) मनाया जाएगा जिस दौरान भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में उपस्थित हो सकती हैं, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। उस दिन राज भवन के द्वार आम लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे। उस दिन से राजभवन को जन राजभवन के नाम से जाना जाएगा।’
अधिकारी ने ‘जन राजभवन’ में ‘हेरिटेज वॉक’ के बारे में बताया कि आम लोग 1803 में अंग्रेजों द्वारा निर्मित हेरिटेज बिल्डिंग की विभिन्न दुर्लभ चीजों के साक्षी बन सकेंगे।
उन्होंने कहा, ‘हम अभी तक यह तय नहीं कर पाए हैं कि आम लोगों को क्या दिखाया जाएगा और क्या नहीं। हालांकि, लोगों को सुरक्षा कारणों के चलते जन राजभवन के कुछ हिस्सों में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।’
उन्होंने बताया कि फिलहाल, लोगों को राजभवन के अंदर स्विमिंग पूल, झूलता पुल, पुस्तकालय और बगीचों के आसपास जाने की अनुमति होगी।
भाषा साजन मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.