कोलकाता, 13 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस ने राज्य के एक और विश्वविद्यालय का औचक दौरा किया, जहां उन्होंने शिक्षकों और छात्रों के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के महत्व को रेखांकित किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बोस बुधवार को बारासात स्थित पश्चिम बंगाल राज्य विश्वविद्यालय पहुंचे। इससे पहले, उन्होंने सोमवार को कलकत्ता विश्वविद्यालय (सीयू) का औचक दौरा किया था।
राज भवन ने बुधवार देर रात एक बयान जारी कर कहा, ‘‘कॉलेज के प्राचार्य भविष्य के निर्माता होते हैं और हमें बदलाव को गति देने के लिए उनकी आंतरिक शक्ति पर भरोसा करने की आवश्यकता है।’’
बोस ने सोमवार को सीयू के 145 संबद्ध कॉलेज के प्राचार्यों से मुलाकात की थी। इस दौरान, उन्होंने एनईपी की मुख्य विशेषताओं पर चर्चा की थी।
राज्यपाल द्वारा विश्वविद्यालयों के औचक दौरे के बारे में पूछे जाने पर पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बासु ने कहा, “एनईपी पर फैसला राज्य सरकार लेगी। माननीय राज्यपाल का इस मुद्दे से कोई लेना-देना नहीं है और मुझे उनके दौरों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उनके दौरे व्यक्तिगत हैं।”
भाषा पारुल सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.