scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशअर्थजगतटीसीएस का लाभ चौथी तिमाही में 14.8 प्रतिशत बढ़कर 11,392 करोड़ रुपये पर

टीसीएस का लाभ चौथी तिमाही में 14.8 प्रतिशत बढ़कर 11,392 करोड़ रुपये पर

Text Size:

मुंबई, 12 अप्रैल (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का शुद्ध लाभ पिछले वित्त वर्ष (2022-23) की चौथी तिमाही में 14.8 प्रतिशत बढ़कर 11,392 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी ने बुधवार को कहा कि इससे पिछले वित्त वर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही में यह 9,959 करोड़ रुपये था।

बाजार मूल्यांकन के हिसाब से देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टीसीएस का राजस्व जनवरी-मार्च तिमाही में 16.9 प्रतिशत बढ़कर 59,162 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2021-22 की इसी तिमाही में इसका राजस्व 50,591 करोड़ रुपये था।

टाटा समूह की प्रमुख कंपनी का शुद्ध लाभ पूरे वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान 10 प्रतिशत बढ़कर 42,147 करोड़ रुपये रहा।

वहीं कंपनी का राजस्व वित्त वर्ष के दौरान सालाना आधार पर 17.6 प्रतिशत बढ़कर 2,25,458 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी ने कहा कि के कृतिवासन एक जून, 2023 से मुख्य कार्यपालक अधिकारी और प्रबंध निदेशक का पदभार औपचारिक रूप से संभाल लेंगे। वह राजेश गोपीनाथ का स्थान लेंगे। कृतिवासन को मार्च के मध्य में सीईओ और प्रबंध निदेशक पद के लिए नामित किया गया था।

कंपनी ने कहा कि चौथी तिमाही में उसका परिचालन मार्जिन 24.1 प्रतिशत से बढ़कर 24.5 प्रतिशत हो गया। वहीं शुद्ध मार्जिन 18.7 प्रतिशत से बढ़कर 19.3 प्रतिशत रहा।

टीसीएस ने 24 रुपये प्रति शेयर के अंतिम लाभांश की घोषणा की। इससे कंपनी को 45,602 करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा।

कंपनी ने बयान में कहा कि उत्तरी अमेरिका के बैंकों के विफल होने के बावजूद आलोच्य अवधि के दौरान इस क्षेत्र से 15.3 प्रतिशत अधिक राजस्व हासिल हुआ है। इसके बाद ब्रिटेन का स्थान रहा जहां राजस्व में 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं घरेलू बाजार में आलोच्य अवधि में राजस्व में 14.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

टीसीएस ने बीते वित्त वर्ष के दौरान शुद्ध रूप से 22,600 कर्मचारियों को नौकरी दी है। कंपनी में लगभग 35.7 प्रतिशत महिला कर्मचारी कार्यरत हैं।

कंपनी ने कहा कि बीती तिमाही में कंपनी छोड़कर जाने वाले कर्मचारियों की दर 20.1 प्रतिशत रही। यह पिछली तिमाहियों की तुलना में मामूली बेहतर है।

कंपनी के निवर्तमान सीईओ राजेश गोपीनाथन ने कहा, ‘‘…वित्त वर्ष 2022-23 में मजबूत वृद्धि को देखना बहुत संतोषजनक है। हमारे पास जो ऑर्डर है, वह हमारी सेवाओं की मांग में मजबूती को दर्शाती है।’’

भाषा रिया रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments