scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशभाजपा नेता जगदीश शेट्टर ने नड्डा से मुलाकात कर कर्नाटक विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई

भाजपा नेता जगदीश शेट्टर ने नड्डा से मुलाकात कर कर्नाटक विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर ने बुधवार को यहां पार्टी अध्यक्ष जे. पी. नड्डा से मुलाकात कर 10 मई को होने वाला विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारी की इच्छा जताई। उन्होंने इन खबरों के बीच नड्डा से मुलाकात की है कि उन्हें टिकट नहीं दिये जाने की संभावना है।

नड्डा से मुलाकात के बाद, शेट्टर ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने छह विधानसभा चुनावों में अपनी जीत और अपने अनुभव का हवाला दिया, जिसके बाद पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि इस मुद्दे पर अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा की जाएगी।

यह घटनाक्रम इस बात एक स्पष्ट संकेत है कि भाजपा लिंगायत समुदाय के दिग्गज नेता शेट्टर को चुनाव मैदान में उतार सकती है। इससे पहले पार्टी ने युवा नेताओं को मौका देने के इरादे से वरिष्ठ नेताओं को टिकट नहीं देने की योजना बनाई थी।

नड्डा से मुलाकात के दौरान शेट्टर के साथ केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी भी थे। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें दिल्ली बुलाया था।

हुबली-धारवाड़ मध्य से मौजूदा विधायक शेट्टर ने मंगलवार को कहा था कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने उनसे चुनाव नहीं लड़ने को कहा है। हालांकि, उन्होंने पार्टी से कहा कि वह फिर से चुनाव लड़ेंगे, और उन्हें एक मौका दिया जाए।

भाजपा ने चुनाव के लिए मंगलवार को 189 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। सूची में 52 नए चेहरों को शामिल किया गया है।

भाजपा ने कम से कम नौ विधायकों को टिकट नहीं दिया है, जिनमें मंत्री अंगारा (सुलिया निर्वाचन क्षेत्र) और आनंद सिंह (विजयनगर) शामिल हैं।

विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 13 अप्रैल से शुरू होकर 20 अप्रैल तक चलेगी।

भाजपा का लक्ष्य 224 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत हासिल कर दक्षिणी राज्य में सत्ता में बरकरार रहना है।

भाषा जोहेब वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments