( तस्वीरों के साथ )
जयपुर, 12 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में रेलवे भर्तियों में ‘राजनीति व भ्रष्टाचार’ होने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि रेलवे को राजनीति का अखाड़ा बना दिया गया था।
मोदी ने दावा किया कि रेलवे में हालात 2014 के बाद बदलने शुरू हुए जब देश के लोगों ने केन्द्र में स्थिर सरकार बनवाई। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल का कायाकल्प होते देखकर आज हर भारतवासी गर्व से भरा हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को अजमेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन कार्यक्रम को दिल्ली से ‘वर्चुअल’ माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देश की 15वीं और राजस्थान की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन जयपुर, अलवर और गुरुग्राम में ठहराव के साथ अजमेर और दिल्ली कैंट स्टेशन के बीच चलेगी। ट्रेन अपनी यह यात्रा पांच घंटे 15 मिनट में तय करेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत में मोदी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को ‘मेरे मित्र’ कहकर संबोधित किया और राज्य की कांग्रेस में जारी राजनीतिक खींचतान के बावजूद इस कार्यक्रम में आने के लिए उनका आभार जताया।
इस अवसर पर मोदी ने रेलवे में राजनीति को लेकर पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह हमारे देश का दुर्भाग्य रहा है कि रेलवे जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था, जो सामान्य मानवीय जीवन का इतना बड़ा हिस्सा है, उसे भी राजनीति का अखाड़ा बना दिया गया था। आजादी के बाद भारत को एक बड़ा रेलवे नेटवर्क मिला था। लेकिन रेलवे के आधुनिकीकरण पर हमेशा राजनीतिक स्वार्थ हावी रहा।’’
उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक स्वार्थ से तय किया जाता था कि कौन रेल मंत्री बनेगा और कौन नहीं बनेगा, कौन सी ट्रेन किस स्टेशन पर चलेगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ ने ही बजट में ऐसी-ऐसी ट्रेनों की घोषणा करवाई जो कभी चली ही नहीं।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के सदस्यों के भूमि के बदले नौकरी घोटाले के परोक्ष संदर्भ में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हालत यह थी कि रेलवे की भर्तियों में राजनीति होती थी, बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होता था। गरीब की जमीन छीन कर उन्हें रेलवे में नौकरी का झांसा दिया गया। रेलवे की सुरक्षा… स्वच्छता रेलवे प्लेटफार्म की स्वच्छता सबकुछ को नजरअंदाज कर दिया गया था।’’
उन्होंने कहा कि केन्द्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार आने के बाद हालात बदले। मोदी ने कहा, ‘‘इन सारी परिस्थितियों में बदलाव 2014 के बाद आना शुरू हुआ है जब देश के लोगों ने स्थिर सरकार, पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनवाई। जब सरकार पर राजनीतिक सौदेबाजी का दबाव हटा तो रेलवे ने भी चैन की सांस ली और नई ऊंचाई पाने के लिए दौड़ पड़ी। आज हर भारतवासी, भारतीय रेलवे का कायाकल्प होते देखकर गर्व से भरा हुआ है।’’
इस कार्यक्रम में गहलोत पहले बोल चुके थे। उन्होंने बाद में ट्वीट मोदी के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 2014 से पूर्व के रेलमंत्रियों के कार्यकाल के फैसलों को भ्रष्टाचार एवं राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित बोलना दुर्भाग्यूर्ण है। गहलोत ने कहा कि यह कहना उचित नहीं है कि रेलवे में विकास कार्य 2014 के बाद ही हुए हैं।
गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘आज आप (मोदी) का भाषण पूरी तरह 2023-24 के विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों को देखते हुए दिया है एवं यह भारतीय जनता पार्टी के चुनावी एजेंडे के रूप में था। मेरा मानना है कि आपकी ऐसी टिप्पणियां प्रदेशवासियों एवं देशवासियों के गले नहीं उतरेंगी।’’
जयपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल कलराज मिश्र, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी भी मौजूद थे। वंदे भारत ट्रेन का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि अजमेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस से जयपुर-दिल्ली आना-जाना और आसान हो जाएगा और यह ट्रेन राजस्थान के पर्यटन उद्योग को भी बहुत मदद करेगी। मोदी ने कहा कि बीते दो महीने में यह छठी वंदे भारत एक्सप्रेस है जिसे वह हरी झंडी दिखाकर रवाना कर रहे हैं।
मोदी ने कहा, ‘‘जब से ये आधुनिक ट्रेनें शुरू हुई हैं तब से करीब 60 लाख लोग इनमें सफर कर चुके हैं। तेज रफ्तार इनकी सबसे बड़ी विशेषता है। यात्रियों का समय बचता है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘’वंदे भारत एक्सप्रेस इंडिया की ‘फर्स्ट ऑलवेज फर्स्ट’ की भावना को समृद्ध करती है। मुझे खुशी है कि वंदे भारत ट्रेन आज विकास, आधुनिकता, स्थिरता और आत्मनिर्भरता का पर्याय बन चुकी है। आज की वंदे भारत की यात्रा, कल हमें विकसित भारत की यात्रा की ओर ले जाएगी।’’
केन्द्र सरकार द्वारा राजस्थान में सड़क व रेल परियोजनाओं का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार, रोड के साथ ही राजस्थान में रेल कनेक्टिविटी को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।’’
मोदी ने कहा, ‘‘राज्य में तारंगाहिल से अंबाजी होते हुये आबूरोड तक नई रेल लाइन के निर्माण पर भी काम शुरू हो चुका है। इस रेल लाइन की मांग 100 साल से भी ज्यादा पुरानी है, जो अब भाजपा सरकार ने ही पूरी की है। उदयपुर से अहमदाबाद के बीच रेल लाइन को भी ब्रॉड गेज में बदलने का काम हम पूरा कर चुके हैं। इससे मेवाड़ क्षेत्र, गुजरात सहित देश के अन्य भागों से बड़ी लाइन से कनेक्ट हो गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले नौ वर्षों में राजस्थान के करीब 75 प्रतिशत नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा किया जा चुका है। 2014 से पहले की तुलना में राजस्थान के रेल बजट में 14 गुणा से अधिक की बढ़ोतरी भी की गई है।’’
भाषा पृथ्वी कुंज अर्पणा
अर्पणा
अर्पणा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.