जयपुर, 10 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उमेश मिश्रा सोमवार को कहा कि बाड़मेर में दलित महिला से दुष्कर्म व हत्या के मामले में पीड़िता का मरने से पहले दिया गया बयान, आरोपी को सजा दिलाने में बहुत महत्वपूर्ण होगा। इसके साथ साथ ही डीजीपी ने उम्मीद जताई कि इस मामले में आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि पीड़ित परिवार के सदस्य पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट हैं और इसलिए ही वे शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने को तैयार हो गए।
मिश्रा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पीड़िता ने मौत से पहले अपने बयान में आरोपी का नाम बताया और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने कहा कि(पीड़िता का) बयान ही सबूत है जो इस मामले को तार्किक निष्कर्ष तक ले जाएगा।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि आरोपियों को सख्त सजा मिलेगी। हालांकि, यह एक न्यायिक प्रक्रिया है।’
उन्होंने कहा, ‘पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की और पीड़ित परिवार पुलिस से संतुष्ट है।’
उल्लेखनीय है कि बाड़मेर जिले में आरोपी शकूर खान ने छह अप्रैल को 30 वर्षीय दलित महिला के साथ उसके घर में कथित तौर पर दुष्कर्म किया और बाद में उसके ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। महिला की बाद में जोधपुर के एक अस्पताल में मौत हो गई थी।
भाषा पृथ्वी कुंज रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.